हरिद्वार की 45 वर्षीय पारुल बंसल को कुकिंग का शौक था. दो साल पहले तक उनकी रसोई में सिर्फ परिवार के लिए खाना बनता था, लेकिन आज उनके हाथों की बनी थाली और कचौड़ीसब्जी दूसरों के घरों तक पहुंच रही है. खास बात यह है कि पारुल ने न कोई महंगी दुकान किराये पर ली और न ही रेस्टोरेंट खोलने में लाखों रुपये लगाए. करीब 50 हजार रुपये के शुरुआती इन्वेस्टमेंट से उन्होंने घर के एक हिस्से को साफसुथरे किचन में बदला, फूड लाइसेंस लिया और ऑनलाइन डिलीवरी ऐप्स पर ‘चॉपिंग बोर्ड टेल्स’ नाम से अपना ब्रांड रजिस्टर कर लिया. आज वे घर बैठे ऑर्डर पूरे कर रही हैं.

पारुल जैसी ही कहानी उन हजारों होम शेफ और युवाओं की है, जो बिना रेस्टोरेंट और डाइनिंग एरिया के ‘क्लाउड किचन’ मॉडल से अपना फूड बिजनेस खड़ा कर रहे हैं. पारुल का सपना भविष्य में अपना रेस्टोरेंट खोलने का है, लेकिन उससे पहले वे क्लाउड किचन के जरिए अपना लॉयल कस्टमर बेस तैयार करना चाहती हैं.
क्या है क्लाउड किचन?
जब आप मोबाइल ऐप पर किसी ब्रांड से बिरयानी, पिज्जा या घर जैसी थाली ऑर्डर करते हैं, तो जरूरी नहीं कि वह किसी रेस्टोरेंट से आ रही हो. क्लाउड किचन ऐसा बिजनेस मॉडल है, जहां केवल खाना तैयार किया जाता है. यहां ग्राहकों के बैठने के लिए डाइनिंग एरिया या वेटर नहीं होते. पूरा कारोबार ऑनलाइन ऑर्डर और होम डिलीवरी पर निर्भर करता है.
कम लागत, बड़ा बाजार
मार्केट रिसर्च कंपनी IMARC Group की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के हिसाब से भारत का क्लाउड किचन मार्केट 2026 में करीब 11,600 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इसके 12.28 प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ते हुए 2034 तक 3.69 बिलियन डॉलर के पार जाने का अनुमान है.
कंसल्टिंग फर्म Redseer की सितंबर 2026 की रिपोर्ट बताती है कि भारत में ऑनलाइन फूड डिलीवरी 20 से 22 प्रतिशत सालाना की रफ्तार से बढ़ रही है. छोटे शहरों में भी ऑनलाइन ऑर्डर तेजी से बढ़े हैं. इस ट्रेंड की बड़ी वजह क्लाउड किचन की कम शुरुआती लागत है. जहां एक पारंपरिक रेस्टोरेंट खोलने में 30 से 50 लाख रुपये तक खर्च हो सकते हैं, वहीं क्लाउड या होम किचन करीब 1 से 3 लाख रुपये में शुरू किया जा सकता है. यही वजह है कि हरिद्वार, देहरादून, इंदौर और लखनऊ जैसे शहरों में महिलाएं और युवा घर की जिम्मेदारियों के साथ अपना फूड ब्रांड शुरू कर रहे हैं.
रेस्टोरेंट को कैसे मिल रही चुनौती?
पारंपरिक रेस्टोरेंट को मुख्य सड़क पर महंगी जगह, बिजली, स्टाफ और अन्य खर्च उठाने पड़ते हैं. इसके मुकाबले क्लाउड किचन कम किराये वाली जगह या रिहायशी इलाकों से भी चलाए जा सकते हैं. बचत का इस्तेमाल बेहतर पैकेजिंग, डिस्काउंट और डिजिटल मार्केटिंग में किया जाता है, जिससे वे ऑनलाइन ग्राहकों तक आसानी से पहुंच बनाते हैं.
हालांकि, दिल्ली के पूर्व फूड सेफ्टी कमिश्नर केएस सिंह का मानना है कि पारंपरिक रेस्टोरेंट और क्लाउड किचन के ग्राहक और बाजार अलगअलग हैं. इसलिए क्लाउड किचन से रेस्टोरेंट कारोबार पर बड़ा असर पड़ने की आशंका नहीं है. उनके मुताबिक, लोग रेस्टोरेंट में सिर्फ खाना खाने नहीं, बल्कि वहां के एम्बिएंस और सर्विस का अनुभव लेने भी जाते हैं. क्लाउड किचन मुख्य रूप से घर जैसा खाना और सुविधाजनक डिलीवरी चाहने वाले ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हैं.
मुनाफे के साथ चुनौतियां भी
क्लाउड किचन का कारोबार कम लागत में शुरू जरूर हो सकता है, लेकिन इसमें चुनौतियां भी कम नहीं हैं. सबसे बड़ी निर्भरता फूड डिलीवरी ऐप्स पर है, जो हर ऑर्डर पर 20 से 30 प्रतिशत तक कमीशन लेते हैं. ग्राहक खुद किचन नहीं देख सकता, इसलिए ऑनलाइन रेटिंग और रिव्यू ही ब्रांड की पहचान बन जाते हैं. खराब रिव्यू या पैकेजिंग में छोटीसी गलती भी कारोबार को नुकसान पहुंचा सकती है. ऐसे में हाइजीन, स्वाद और खाने की गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है.
पारुल बंसल कहती हैं डिलीवरी, ऐप कमीशन, कच्चे माल, पैकेजिंग और दूसरे खर्च निकालने के बाद करीब 20 प्रतिशत मुनाफा बचता है. उनका कहना है कि अच्छी क्वालिटी के इंग्रीडिएंट्स और खाने का एक जैसा स्वाद बनाए रखने के लिए खर्चों का सही मैनेजमेंट जरूरी है. क्लाउड किचन ने फूड बिजनेस शुरू करने के लिए बड़े इन्वेस्टमेंट और और महंगी जगह की ज़रूरत जरूर कम की है, लेकिन लंबे समय तक टिके रहने के लिए टेस्ट, ट्रस्ट और क्वालिटी ही काम आती है



