IndiaUttar Pradesh

​यूपी में हिंदू वोटर कहां गए? सवाल पर बोले केशव प्रसाद मौर्य- कहीं नहीं गए, सब जहां थे वहीं हैं…

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीजेपी के भीतर से ही दो अलगअलग बयान सामने आए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि प्रदेश की मतदाता सूची से 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटे हैं. उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया था, लेकिन अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि किसी भी वोटर का नाम नहीं कटा है और सभी मतदाता जहां थे, वहीं हैं.

​यूपी में हिंदू वोटर कहां गए? सवाल पर बोले केशव प्रसाद मौर्य- कहीं नहीं गए, सब जहां थे वहीं हैं…

डिप्टी सीएम केशव मौर्य का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी संगठन की बैठक में SIR को लेकर चर्चा हो रही है. उन्होंने न सिर्फ मतदाता सूची में किसी वोटर के छूटने की बात से इनकार किया, बल्कि संगठन को भी पूरी तरह क्लीनचिट दे दी. केशव ने कहा कि SIR में संगठन से कोई चूक नहीं हुई है. संगठन ने जमकर मेहनत की है और संगठन सर्वोपरि है, था और हमेशा रहेगा.

योगी ने किया था 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने का दावा

दरअसल, 30 अक्टूबर को बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIR के बाद तैयार मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए थे. उन्होंने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं. सीएम योगी ने कहा था कि करीब 66 लाख ऐसे लोग हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं.

इसके अलावा उन्होंने करीब 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और 18 से 19 साल के लगभग 4.5 लाख युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही थी.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी कार्यकर्ताओं, सांसदों और विधायकों को बूथ स्तर पर मतदाता सूची की जांच करने और पात्र लोगों के नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी थी. उन्होंने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को ज्ञापन देने की बात भी कही थी.

केशव मौर्य बोले किसी वोटर का नाम नहीं कटा

अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने SIR को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसे मुख्यमंत्री योगी के दावे से अलग संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. संगठनात्मक बैठक में पहुंचे केशव मौर्य ने साफ कहा कि किसी भी वोटर का नाम नहीं कटा है. सभी मतदाता जहां थे, वहीं हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम किसी वजह से छूट गए हैं, उनके नाम जुड़वाने के लिए बीजेपी अपनी भूमिका निभाएगी. यानी एक तरफ उन्होंने किसी वोटर का नाम नहीं कटने की बात कही, वहीं दूसरी तरफ छूटे हुए नामों को जुड़वाने में पार्टी की मदद का भरोसा भी दिया.

संगठन को क्लीनचिट, बोले कोई चूक नहीं हुई

केशव प्रसाद मौर्य ने SIR के काम को लेकर बीजेपी संगठन पर उठने वाले सवालों को भी खारिज किया. उन्होंने कहा कि संगठन से कोई चूक नहीं हुई है. संगठन ने इस काम में जमकर मेहनत की है. डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने संगठन की भूमिका को सर्वोपरि बताते हुए कहा, ‘संगठन सर्वोपरि है, था और हमेशा रहेगा.’ उनके इस बयान को संगठन के कामकाज का बचाव करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

2027 से पहले वोटर लिस्ट पर बीजेपी का फोकस

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले SIR बीजेपी और विपक्ष, दोनों के लिए बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रक्रिया के जरिए छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर जोर दिया है. वहीं, केशव मौर्य ने संगठन के काम की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया है कि किसी भी छूटे हुए मतदाता का नाम जुड़वाने में पार्टी मदद करेगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply