IndiaTrendingUttar Pradesh

वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू होगी ‘वयो आनंद’ योजना, मनोरंजन केंद्रों में मिलेंगी कई सुविधाएं: CM रेखा गुप्ता

वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा मेलजोल और मनोरंजन का मंच, योग से लेकर खेल तक की सुविधा

मनोरंजन केंद्रों को दिल्ली सरकार देगी वार्षिक 2.40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सक्रिय जीवन व सामाजिक जुड़ाव को सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता: सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार राजधानी के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वयो आनंद’ योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के अंतर्गत ऐसे केंद्र विकसित किए जाएंगे जहां वरिष्ठ नागरिकों को खाली समय में आराम करने, इनडोर गेम खेलने, एकदूसरे से मिलनेजुलने और सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध हो सके। इन केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग व ध्यान की कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही केंद्रों में मासिक चिकित्सा शिविर और प्राथमिक उपचार किट की भी व्यवस्था होगी। सरकार ऐसे मनोरंजन केंद्रों को चलाने वाले संगठनों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान, स्वास्थ्य, सक्रिय जीवन तथा सामाजिक जुड़ाव को सुनिश्चित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

लूडो, कैरम से लेकर योगध्यान की कक्षाएं भी

इन मनोरंजन केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कैरम, लूडो आदि इनडोर खेल, बैठने की व्यवस्था, पंखा, कूलर, टेलीविजन, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्रों में समाचार पत्र, पत्रिकाएं और किताबें भी रखी जाएंगी ताकि वरिष्ठ नागरिक खाली समय का पूरा उपयोग कर सकें। वरिष्ठ नागरिकों के लिए केंद्रों में योग और ध्यान की कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, वरिष्ठ नागरिक दिवस और राष्ट्रीय पर्व आदि मनाए जाएंगे। इन केंद्रों में वर्ष में कम से कम 56 ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योजना में मासिक चिकित्सा शिविर और प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था का भी प्रावधान है। साथा ही स्वास्थ्य व फिटनेस कक्षाएं, आउटडोर टूर, कहानी सुनाने के सत्र, पेंटिंग, क्राफ्ट, पॉटरी, पोषण संबंधी परामर्श तथा इनडोर और आउटडोर खेल जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

सुबह 7 से रात 8 बजे के बीच खुले रहेंगे केंद्र

मनोरंजन केंद्र सप्ताह में कम से कम पांच दिन और प्रतिदिन न्यूनतम सात घंटे खुले रहेंगे। ये केंद्र सुबह 7 बजे से रात 8 बजे के बीच संचालित होंगे। केंद्र में पर्याप्त वेंटिलेशन और शौचालय की सुविधा होगी। वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को देखते हुए केंद्र का भूतल पर होना या भवन में लिफ्ट की व्यवस्था होना भी प्राथमिकता में रखा गया है। केंद्रों में महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी कार्यक्रम आयोजित करने की प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए नजदीकी पुलिस थाने और अस्पतालों से संपर्क रहेगा। योजना के तहत मनोरंजन केंद्रों में कम से कम 200 ऐसे सदस्य होना जरूरी है, जिनकी उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक हो।

केंद्र संचालकों को सरकार देगी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि ‘वयो आनंद’ योजना के तहत पात्र मनोरंजन केंद्र को एक वित्तीय वर्ष में 2.40 लाख रुपये, यानी 20 हजार रुपये प्रतिमाह, की सहायता दी जाएगी। यह राशि दो बराबर छमाही किस्तों में जारी की जाएगी। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित केंद्रों को यह सहायता दी जाएगी। संचालकों को अपने केंद्रों में उपरोक्त सारी व्यवस्थाएं व सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्राथमिकता रखनी होगी। ऐसे केंद्र दिल्ली में होने चाहिए और सामुदायिक स्थान में संचालित होने चाहिए। योजना में आरडब्ल्यूए, सीजीएचएस और सामुदायिक स्थान जैसे चौपाल में चलने वाले केंद्र भी शामिल हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि ‘वयो आनंद’ योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके आसपास ही ऐसा सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने हमउम्र लोगों के साथ समय बिता सकें, मनोरंजन और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में शामिल हो सकें तथा अकेलेपन से दूर सक्रिय सामाजिक जीवन जी सकें। सरकार वरिष्ठ नागरिकों के हित में ऐसी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे उन्हें सम्मानजनक और स्वस्थ जीवन के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply