IndiaPunjabTrending

सज्जन कुमार के भोग में भाजपा-कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी दुर्भाग्यपूर्ण: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने शुक्रवार को कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 1984 के सिख नरसंहार के पीड़ितों के प्रति दोनों दलों का रवैया बेहद निराशाजनक रहा है।

उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार के भोग में भाजपा नेताओं की मौजूदगी सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है। पन्नू ने कहा कि 1984 के सिख नरसंहार मामले में अदालत से दोषी ठहराये गये सज्जन कुमार की मौत के बाद कांग्रेस नेता दीपिंदर हुड्डा द्वारा उन्हें कथित तौर पर अपना ‘आदर्श’ बताये जाने को देश ने देखा था। उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा ने भी हुड्डा और कांग्रेस की आलोचना की थी।

पन्नू ने आरोप लगाया कि अब भाजपा का भी ‘‘दोहरा रवैया’’ सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार के अंतिम भोग में पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत, दक्षिण दिल्ली के सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी और उत्तरपश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया शामिल हुए। आप नेता ने कहा कि 1984 से प्रभावित सिख परिवारों के दुखदर्द को साझा करने के लिए इन नेताओं ने कभी उनसे मुलाकात नहीं की, लेकिन सज्जन कुमार की मौत पर संवेदना जताई जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि 1984 के पीड़ितों के प्रति चुप्पी और दोषी ठहराये गये व्यक्ति के प्रति हमदर्दी का यह दोहरा रवैया क्यों है। पन्नू ने कहा कि कांग्रेस हो या भाजपा, दोनों पार्टियों ने अल्पसंख्यक, विशेषकर सिख समुदाय के साथ न्याय करने में विफलता दिखाई है। उन्होंने कहा कि 1984 के पीड़ित परिवार आज भी अपने दर्द और न्याय की मांग के साथ खड़े हैं, लेकिन राजनीतिक दलों की प्राथमिकताएं कुछ और नजर आती हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply