Agra Crime News: ताजनगरी आगरा का मैथ्स टीचर हत्याकांड आखिरकार सुलझ गया है. मामला जगदीशपुरा थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर3 का है. यहां कोचिंग संचालक और गणित शिक्षक ओम प्रकाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने हत्यारोपी निखिल को हिरासत में ले लिया है और मृतक शिक्षक की स्कूटी भी बरामद कर ली है. पुलिस जांच में सामने आया है कि शिक्षक ओम प्रकाश यादव अपनी एक पूर्व छात्रा की स्नैपचैट से निकाली गई आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल कर रहे थे. इससे परेशान होकर छात्रा ने अपने दोस्त निखिल को आपबीती बताई, जिसके बाद निखिल ने कोचिंग सेंटर में घुसकर चाकू से शिक्षक का गला काट दिया और ब्लैकबोर्ड पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिखकर फरार हो गया था.

डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी निखिल को पकड़ लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. 2 नवंबर को अंतिम बार देखे गए गणित शिक्षक ओम प्रकाश यादव का शव 6 नवंबर को आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर3 स्थित वीएस प्लाजा कोचिंग सेंटर में मिला था. पुलिस ने जब शिक्षक के मोबाइल की कॉल डिटेल और चैट खंगाली, तो एक पूर्व छात्रा को लगातार कॉल और मैसेज किए जाने का पता चला.
रोते हुए छात्रा ने बयां की ब्लैकमेलिंग की दास्तां
शुरुआत में पूछताछ के दौरान छात्रा ने कहा कि सर अच्छे थे और सभी को स्नेह करते थे. लेकिन जब पुलिस ने उसे लगातार किए गए कॉल और मैसेज के सबूत दिखाए, तो छात्रा रो पड़ी. उसने खुलासा किया कि शिक्षक ओम प्रकाश यादव ने स्नैपचैट से उसकी कुछ आपत्तिजनक फोटो निकाल ली थीं, जिन्हें दिखाकर वह उसे ब्लैकमेल कर रहे थे. वह छात्रा को अश्लील मैसेज भेजते थे और छात्रा के पढ़ने के बाद मैसेज डिलीट कर देते थे.
स्कूटी बरामद, मोबाइल तोड़कर फेंका
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी निखिल मृतक शिक्षक का मोबाइल तोड़कर फेंक गया था और उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गया था. पुलिस ने आरोपी निखिल को हिरासत में लेने के साथ ही शिक्षक की स्कूटी भी बरामद कर ली है.
धमकाने गया था निखिल, शिक्षक ने हड़काया तो चाकू से काटा गला
शिक्षक की हरकतों और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर छात्रा उनसे पीछा छुड़ाना चाहती थी. इसी बीच उसकी दोस्ती शाहगंज निवासी निखिल से हुई. छात्रा ने निखिल को शिक्षक की काली करतूतों के बारे में बताया. सच्चाई जानने के बाद निखिल ने शिक्षक ओम प्रकाश यादव को फोन कर छात्रा से दूर रहने की चेतावनी दी थी.
2 नवंबर को कोचिंग में घुसकर किया कत्ल
जब शिक्षक बाज नहीं आए, तो 2 नवंबर को निखिल चाकू लेकर वीएस प्लाजा स्थित कोचिंग सेंटर में शिक्षक को धमकाने पहुंचा. वहां बहस के दौरान शिक्षक ने निखिल को हड़का दिया. इस पर भड़के निखिल ने चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए और शिक्षक का गला काट दिया. कत्ल करने के बाद आरोपी ने कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिख दिया और शिक्षक की स्कूटी लेकर फरार हो गया.



