
बिलग्राम, हरदोई : बिलग्राम थाना क्षेत्र के ललौली तिराहा के निकट शुक्रवार शाम करीब चार बजे दो बाइकों की आमनेसामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मामाभांजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान गौरव सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी पुसेड़ा थाना बिलग्राम, उनके चार वर्षीय भांजे सूर्यांश पुत्र दुष्यंत निवासी पुसेड़ा तथा दूसरी बाइक पर सवार मोनू पुत्र गुड्डू निवासी हमदापुर थाना बिलग्राम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मोनू रिश्तेदारी से होकर बाइक से अपने गांव हमदापुर लौट रहा था। इसी दौरान ललौली तिराहा के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर गौरव सिंह अपने चार वर्षीय भांजे सूर्यांश के साथ सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है।



