
लखनऊ, अमृत विचार : आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को एक पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ द्वारा 21 अगस्त 2026 को पारित एक आदेश का जिक्र करते हुये गोंडा कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल के स्थानांतरण तथा पूरे प्रकरण की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उच्च न्यायालय ने गोंडा की सिविल जज तथा मंडलायुक्त के बीच हुई टेलीफोनिक बातचीत को प्रथमदृष्टया न्यायिक अधिकारी को प्रभावित किए जाने का प्रयास बताते हुए इसे न्यायप्रशासन में हस्तक्षेप माना है। साथ ही आपराधिक अवमानना से संबंधित सक्षम न्यायालय के समक्ष इस मामले को रखे जाने का निर्देश भी दिया है।
उन्होंने उच्च न्यायालय के इस आदेश के तहत मुख्य सचिव से दुर्गा शक्ति नागपाल का गोंडा मंडल से तत्काल स्थानांतरण किये जाने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने न्यायिक अधिकारी के साथ हुई टेलीफोनिक बातचीत तथा उसके बाद की घटनाओं के संबंध में स्वतंत्र उच्चस्तरीय प्रशासनिक जांच की मांग की है। अमिताभ ठाकुर ने लंबित न्यायिक मामलों के संबंध में कार्यपालिका के अधिकारियों द्वारा न्यायिक अधिकारियों से संपर्क करने को लेकर स्पष्ट प्रोटोकॉल एवं आवश्यक प्रशासनिक निर्देश जारी करने की मांग भी की है।



