Hajipur News: बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां 910 नवंबर की रात अपराधियों ने टिक्कू उर्फ विवेक कुमार को घर से बुलाकर गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद युवक के शव को भी अपने साथ लेकर फरार हो गए. घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है.

इस सनसनीखेज मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है. पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव देर रात पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और बिहार सरकार व पुलिस प्रशासन पर जमकर निशाना साधा. उधर, वैशाली पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया है, जिसके अंदर खून के धब्बे मिले हैं.
पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार को दी आर्थिक मदद
देर रात मृतक विवेक के घर पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया, उन्हें आर्थिक मदद दी और युवक की खोजबीन व इंसाफ दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया. मीडिया से बातचीत करते हुए पप्पू यादव ने बिहार सरकार पर तीखा प्रहार किया. पप्पू यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध और रेप की घटनाओं पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि पूरे बिहार का आपराधिक केंद्र हाजीपुर बन गया है और हाजीपुरमुजफ्फरपुर से सटे इलाकों में लगातार वारदातें हो रही हैं, लेकिन पुलिस और नेता कोई देखने वाला नहीं है.
जेल में बंद ‘सुबोध’ के एनकाउंटर की उठाई मांग
सांसद ने जेल में बंद एक ‘सुबोध’ नामक व्यक्ति का जिक्र करते हुए गंभीर आरोप लगाए कि वह जेल के भीतर रहकर पूरे बिहार में अपराध का नेटवर्क चला रहा है और घटनाएं करवा रहा है. उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इस व्यक्ति का एनकाउंटर कब किया जाएगा? पप्पू यादव ने कहा कि अपराधियों से लड़ने के लिए अब समाज को ही मजबूत होकर आगे बढ़ना होगा.
घटनास्थल से मिले 2 खोखे, 2 आरोपी जेल भेजे गए
वैशाली पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति और ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय के बयान के अनुसार सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी निवासी टिक्कू उर्फ विवेक को आपसी रंजिश के चलते 910 नवंबर की रात घर से बुलाकर गायब कर दिया गया. 10 नवंबर की सुबह सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां से दो खोखे बरामद हुए. वरीय पुलिस अधीक्षक वैशाली द्वारा गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कांड में नामजद कुल 5 अभियुक्तों में से दो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
- प्रिंस पासवान
- गौरव कुमार
कार से मिले खून के धब्बे FSL जांच के लिए भेजे गए
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया है. कार के अंदर खून के धब्बे पाए गए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है. ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने बताया कि शेष फरार 3 नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.



