अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी का पहला मेनिफेस्टो जारी किया. इस दौरान उन्होंने कई बड़े चुनावी वादे किए, जिसमें बंद स्कूलों को खोलने का वादा भी शामिल है. अखिलेश यादव ने शिक्षा को लेकर कुल 11 बड़े वादे किए और कहा कि बंद स्कूल फिर खुलेंगे. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू करेगी और सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिलेगा. उन्होंने यूपी की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से संचालित किया जाएगा.

अखिलेश यादव ने आगे बताया कि बड़े शहरों में छात्रछात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाए जाएंगे और 12वीं पास छात्रों के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर से शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाईफाई की सुविधा मिलेगी.
सपा के मेनिफेस्टो में और क्याक्या?
- शिक्षा पर GSDP का 6% खर्च सुनिश्चित किया जाएगा.
- प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक सभी को समान रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी.
- उच्च शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रम उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें.
- शिक्षा विभाग के सभी रिक्त पदों पर एक साल के भीतर नियुक्तियां होंगी, संविदा नियुक्तियां बंद होंगी.
- शिक्षा मित्रों का मानदेय 5 हजार रुपये प्रति माह बढ़ाने का वादा, नियमितीकरण के लिए विशेष अभियान चलेगा.
- सहायता प्राप्त न करने वाले स्कूलों को सरकार की ओर से हर महीने 5 हजार रुपये का विशेष अनुदान दिया जाएगा.
25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा, ‘हमारा वादा है कि पांच साल के अंदर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी और दूसरे सेक्टर में 2 से 3 करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी. जिन ग्रेजुएट को काम नहीं मिल रहा है, उन्हें काम मिलने तक 5,000 रुपये महीने का अलाउंस मिलेगा. मैनिफेस्टो में सरकारी वैकेंसी का सालाना कैलेंडर बनाने का भी वादा किया गया है, जिसमें एग्जाम टाइम पर होंगे. सिंगलएग्जाम वाली भर्तियां तीन महीने में और मल्टीस्टेज वाली छह महीने में पूरी होंगी’.



