
लखनऊ, अमृत विचारः उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और बंद पड़ी सरकारी संपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग को गति देने के लिए योगी सरकार ने एक बड़ा नीतिगत निर्णय लिया है। शासन के स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन अनुभाग2 द्वारा जारी नवीनतम अधिसूचना के अनुसार, प्रदेश में टैक्सफेड समूह के अधीन बंद पड़ी 10 प्रमुख कताई मिलों की कुल 843.06 एकड़ भूमि को उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण के पक्ष में हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी गई है। इस प्रक्रिया को सरल और वित्तीय भार से मुक्त बनाने के लिए राज्यपाल की अनुमति से भूमि हस्तांतरण की लिखत पर देय शतप्रतिशत रजिस्ट्रीकरण फीस माफ कर दी गई है।
प्रमुख सचिव अमित गुप्ता द्वारा जारी इस शासनादेश के तहत रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1908 की धारा 78क के अधीन शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह ऐतिहासिक छूट प्रदान की गई है। इस फैसले से यूपीसीडा को इन जमीनों पर नए औद्योगिक क्षेत्र, मैन्युफैक्चरिंग हब और कस्टमाइज्ड पार्क विकसित करने में मदद मिलेगी, जिससे राज्य में भारी निवेश और स्थानीय स्तर पर हजारों नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
हस्तांतरित होने वाली मिलों और उनकी जमीनों का विवरण
उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड, उत्तर प्रदेश स्टेट यार्न कंपनी लिमिटेड और उत्तर प्रदेश स्टेट स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड के अधीन बंद पड़ी जिन 10 मिलों की जमीनें यूपीसीडा को सौंपी जा रही हैं, उनकी सूची और संबंधित क्षेत्रफल इस प्रकार है:
• मेजा, प्रयागराज: उत्तर प्रदेश स्टेट यार्न कम्पनी लिमिटेड की सर्वाधिक 175.00 एकड़ भूमि।
• बांदा: उत्तर प्रदेश स्टेट यार्न कम्पनी लिमिटेड की 90.00 एकड़ भूमि।
• मऊ आइमा, प्रयागराज: उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड की 85.24 एकड़ भूमि।
• कम्पिल, फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड की 82.150 एकड़ भूमि।
• बहादुरगंज, गाजीपुर: उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड की 78.92 एकड़ भूमि।
• बुलन्दशहर: उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड की 78.56 एकड़ भूमि।
• महमूदाबाद, सीतापुर: उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड की 71.02 एकड़ भूमि।
• नवाबगंज, बाराबंकी: उत्तर प्रदेश स्टेट स्पिनिंग कम्पनी लिमिटेड की 69.860 एकड़ भूमि।
• रसड़ा, बलिया: उत्तर प्रदेश स्टेट यार्न कम्पनी लिमिटेड की 57.00 एकड़ भूमि।
• फतेहपुर: उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड की 55.31 एकड़ भूमि।
ः



