
बिहार के कटिहार जिले में पति ने पत्नी की आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
आजकल लोग सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं. उन्हें ये भी समझ में नहीं आता कि इसका असर क्या पड़ेगा? एक ऐसा ही मामला बिहार के कटिहार जिले से सामने आया है. जहां सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए पति ने अपनी ही पत्नी के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों को अपलोड कर दिया. जब अश्लील वीडियो और तस्वीरें वायरल हुईं तो पत्नी बुरी तरह टूट गई.
इस पूरे मामले की शिकायत करने के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया और फिर बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
साइबर डीएसपी आसिफ आलम ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर साइबर डीएसपी आसिफ आलम का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मनिहारी इलाके की एक विवाहित महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति ने उसकी जानकारी या सहमति के बिना सोशल मीडिया पर उसके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो अपलोड कर दिए हैं. शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पंचायत के माध्यम से पत्नी को दे चुका तलाक
इसके अलावा साइबर डीएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पति ने माना कि उसने सोशल मीडिया पर जल्दी मशहूर होने और ज्यादा ध्यान आकर्षित करने के मकसद से वीडिया वायरल किया था. मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की औपचारिकताएं पूरी कीं. इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि आरोपी ने दावा किया कि उसने पहले ही पंचायत के माध्यम से अपनी पत्नी को तलाक दे दिया था. हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि इस दावे का जांच या कानूनी कार्यवाही पर कोई असर नहीं पड़ता है. किसी महिला की निजी फोटो या वीडियो को उसकी सहमति के बिना सार्वजनिक करना एक गंभीर अपराध है. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी ने 2023 में शादी की थी.



