
अमृत विचार : लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा सामने आया है। लखीमपुर से सीतापुर जा रही तेज रफ्तार वर्ना कार रविवार देर रात ओयल कस्बे के पास अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार धमाके के साथ बिजली के तार टूटकर कार पर गिर गए और देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।
कार में सवार छह लोग अंदर फंस गए। हादसे में तीन युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।
ओयल में हुआ हादसा
हादसा थाना खीरी क्षेत्र के कस्बा ओयल में लखीमपुरसीतापुर फोरलेन पर रात करीब दो बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक लखीमपुर शहर की शिव कॉलोनी निवासी आयुष कुमार अपने पांच दोस्तों के साथ वर्ना कार से सीतापुर जा रहा था। ओयल के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई।
खेत किनारे ट्रांसफार्मर में घुसी कार
तेज रफ्तार कार फुटपाथ पार कर सड़क किनारे खेत में उतर गई और वहां लगे ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ। ट्रांसफार्मर से जुड़े बिजली के तार टूटकर कार पर गिर पड़े और कुछ ही पलों में कार धूधू कर जलने लगी। आग इतनी विकराल थी कि कार सवारों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
कार में आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। चीखपुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इनकी हुई मौत
हादसे में शिव कॉलोनी निवासी आयुष कुमार, राजापुर निवासी शिवा सिंह और पिपरिया निवासी आकाश वर्मा की मौत हो गई। वहीं पीयूष सिंह निवासी शिव कॉलोनी, अमन वर्मा और उत्कर्ष गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। थाना खीरी प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घटना की जांच की जा रही है।



