Himachal PradeshIndiaTrending

​मणिमहेश यात्रा में हरियाणा-पंजाब के 2 श्रद्धालुओं की गई जान, एक को आया हार्ट अटैक; लंगर सेवा के दौरान दूसरे ने तोड़ा दम

चंबा : हिमाचल प्रदेश में आस्था का केंद्र मानी जाने वाली प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के दौरान दो दिनों के भीतर दो श्रद्धालुओं की असमय मौत होने से शोक का माहौल है। हरियाणा के एक श्रद्धालु ने मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से दम तोड़ दिया, जबकि पंजाब के रहने वाले एक अन्य व्यक्ति की बुधवार को लंगर सेवा के दौरान अचानक जान चली गई। इन दोनों मौतों के बाद यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

​मणिमहेश यात्रा में हरियाणा-पंजाब के 2 श्रद्धालुओं की गई जान, एक को आया हार्ट अटैक; लंगर सेवा के दौरान दूसरे ने तोड़ा दम

गौरीकुंड में लंगर सेवा के दौरान पंजाब के श्रद्धालु की बिगड़ी तबीयत

पंजाब के पठानकोट निवासी 51 वर्षीय सुच्चा सिंह पवित्र गौरीकुंड में लंगर सेवा में जुटे हुए थे। बुधवार को सेवा कार्य के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और देखते ही देखते वे अचेत हो गए। मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया। सुच्चा सिंह की मौत के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से उनके शव को गौरीकुंड की ऊंचाई से नीचे लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हरियाणा के श्रद्धालु को आया हार्ट अटैक, डॉक्टरों की कोशिशें रहीं नाकाम

इससे पहले मंगलवार को हरियाणा के अंबाला जिले के फतेहगढ़ निवासी 55 वर्षीय मनमोहन की यात्रा के दौरान अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें तुरंत नजदीकी मेडिकल कैंप ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनके साथ आए साथियों ने बताया कि मनमोहन की पहले भी हार्ट की सर्जरी हो चुकी थी और उनके दिल में स्टेंट डाला गया था। डॉक्टरों के अनुसार शुरुआती तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। भरमौर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपा जा रहा है।

प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील: स्वास्थ्य जांच के बाद ही शुरू करें यात्रा

पहाड़ों पर लगातार हो रही इन दुखद घटनाओं को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर आने वाले सभी तीर्थयात्रियों, सेवादारों और लंगर कमेटियों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले दुर्गम इलाकों में जाने से पहले अपना मेडिकल चेकअप जरूर करवाएं। साथ ही जो लोग पहले से किसी गंभीर बीमारी या हृदय रोग से पीड़ित हैं, उन्हें विशेष एहतियात बरतने और स्वास्थ्य संबंधी कोई भी परेशानी महसूस होने पर तुरंत नजदीकी राहत शिविर में संपर्क करने की सख्त हिदायत दी गई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply