
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी का सबसे बड़ा गणेश उत्सव झूलेलाल घाट पर 14 से 25 सितम्बर तक धूमधाम से मनाया जाएगा। गणेश उत्सव की तैयारी जोरों पर चल रही है। गणेश प्राकट्य कमेटी के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि गणेश उत्सव का पंडाल बनाने के लिए कोलकाता से करीब 60 कारीगर पिछले एक माह से काम में जुटे हैं।
इस बार पंडाल मंदिर की थीम पर तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया कि महिलाओं व पुरुषों की बैठने के लिए अलगअलग व्यवस्था रहेगी। पंडाल वाटरप्रूफ और वातानुकूलित रहेगा। पंडाल 13 हजार वर्ग फीट मैं तैयार हो रहा है, पंडाल की ऊंचाई 80 फीट होगी।
अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल ने बताया कि इस बार भी भक्त मनौतियों के राजा गजानन के नाम चिट्ठी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लिख सकते हैं। पार्षद रंजीत सिंह ने बताया कि इस बार बच्चों के नएनए झूले आ रहे हैं। फास्ट फूड, आइसक्रीम, चाट के स्टाल रहेंगे। मीना बाजार में महिलाओं के श्रृंगार संबंधी सारी सामग्री के स्टॉल रहेंगे।
अखिलेश बंसल ने बताया कि पूरा परिसर मेले जैसा रहेगा। जिसमें सभी प्रकार के समान लोग खरीद सकेंगे। उन्होंने बताया कि भक्त लोग मनौतियों के राजा के दर्शन प्रातः 9 बजे से रात 11 बजे तक कर सकेंगे बप्पा की आरती सुबह 9 बजे और शाम 6 बजे होगी। योगेश बंसल ने बताया कि कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा के संगीत निर्देशन में प्रतिदिन भजन संध्या व नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा।
राजा का उत्सव 14 से 24 तक
शिवाजी मार्ग स्थित ऑस्कर योग साई कृपा सेवा संस्थान के तत्वावधान में गणेशोत्सव 14 से 24 सितम्बर तक मनाया जाएगा। पिछले 17 वर्ष से होते आ रहे इस गणेशोत्सव को शिवाजी मार्ग का राजा नाम से जाना जाता है। गणेश जी की प्रतिमा 7 फीट की होगी। इस 10 दिवसीय पूजा समारोह में रुद्राभिषेक, सिन्दूराभिषेक, दुग्धाभिषेक, दुर्वाभिषेक, फूलाभिषेक एवं विभिन्न प्रकार की पूजा का आयोजन किया जायेगा। पूजन में आने वाले भक्तों को गणेश चालीसा भेंट स्वरूप दी जायेगी।



