CrimeIndia

​जेब में सिर्फ 50 रुपये, दिल में 5 साल पुराना प्यार: प्रेमिका को तलाशते यूपी से बिहार पहुंचा आशिक, ऑटो का किराया नहीं दे पाया तो…

Muzaffarpur News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का खुमार उत्तर प्रदेश के एक युवक पर इस कदर चढ़ा कि वह पैसों और दूरी की परवाह किए बिना अपनी प्रेमिका को ढूंढने 350 किलोमीटर का सफर तय कर बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गया. जेब में महज 50 रुपये लेकर निकला यह आशिक दिनभर शहर में अपनी कथित प्रेमिका ‘खुशबू’ की तलाश में भटकता रहा. आखिरकार, जब जेब के पैसे खत्म हो गए और ऑटो का किराया देने के लिए कुछ नहीं बचा, तो ऑटो चालक उसे काजीमोहम्मदपुर थाने ले गया.

​जेब में सिर्फ 50 रुपये, दिल में 5 साल पुराना प्यार: प्रेमिका को तलाशते यूपी से बिहार पहुंचा आशिक, ऑटो का किराया नहीं दे पाया तो…

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर का रहने वाला युवक पेशे से ट्रक खलासी है. करीब 5 साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी बातचीत मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली खुशबू नाम की युवती से शुरू हुई थी.

धीरेधीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और युवक के सिर पर इस रिश्ते की ऐसी दीवानगी सवार हुई कि वह बिना किसी को बताए मिर्जापुर से मुजफ्फरपुर चला आया. उसने सरैया पहुंचने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया और दिनभर खुशबू का पता लगाने के लिए पूरे इलाके की खाक छानी.

किराए के पैसे खत्म हुए तो थाने पहुंचा ऑटो चालक

दिनभर भटकने के बाद भी जब खुशबू का कोई सुराग नहीं मिला, तो ऑटो का किराया चुकाने की नौबत आई. लेकिन युवक की जेब में सिर्फ 50 रुपये ही बचे थे. किराए का भुगतान न होने पर ऑटो चालक युवक को सीधे काजीमोहम्मदपुर पुलिस स्टेशन ले आया और पुलिस को पूरी बात बताई. पुलिस ने जब युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके परिजनों को फोन मिलाया, तो परिजनों ने राहत की सांस ली. परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक खुशबू को मन ही मन अपनी पत्नी मान चुका है और उसकी इस सनक व दीवानगी से पूरा परिवार पिछले कई सालों से परेशान है. परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई कि वे मुजफ्फरपुर के लिए निकल चुके हैं, तब तक युवक को थाने में ही रोककर रखा जाए.

घर लौटने से साफ इनकार, मुजफ्फरपुर में ही नौकरी करने की जिद

थाने में बैठा युवक अब भी अपनी जिद पर अड़ा हुआ है. उसने पुलिस और परिजनों के सामने साफ कह दिया है कि वह किसी भी कीमत पर वापस मिर्जापुर नहीं जाएगा. उसका कहना है कि वह मुजफ्फरपुर में ही रहकर कोई कामधंधा या नौकरी ढूंढ लेगा और यहीं रहकर अपनी प्रेमिका खुशबू को खोजकर ही दम लेगा. फिलहाल, काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस युवक को समझानेबुझाने में जुटी है और उसके परिजनों के मुजफ्फरपुर पहुंचने का इंतजार कर रही है. सोशल मीडिया के इस अनोखे प्यार और युवक की दीवानगी की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply