
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डिजिटल युग में सरकारी कामकाज में तेजी और जवाबदेही जरूरी है। डबल इंजन सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में सरकारी कर्मचारियों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि अब “सुस्ती नहीं, चुस्ती से काम चलेगा।”
उपमुख्यमंत्री शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के 60वें अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के पास खजाने में कोई कमी नहीं है, भ्रष्टाचार खत्म हो गया है
महिला सशक्तिकरण और गरीबों तक योजनाओं पर फोकस
केशव मौर्य ने कहा कि सरकार का विशेष जोर महिला सशक्तिकरण और गरीबों तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाने पर है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
‘डिजिटल युग में सुस्ती नहीं, चुस्ती से काम होगा’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर डिजिटल है। कोई भी सूचना कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में भी इसी तेजी के साथ काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज उनके संबोधन की बात भी रिकॉर्ड होकर तुरंत लोगों तक पहुंच सकती है। ऐसे में कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति और अधिक सजग रहना होगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
केशव मौर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सरकारी योजनाओं के पैसे को लेकर टिप्पणी की थी कि केंद्र से भेजे गए 100 रुपये में से नीचे तक केवल एक रुपया पहुंचता है। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा सरकार में योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है।
बिजली और ट्रांसफर व्यवस्था में बदलाव का दावा
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश में बिजली व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए कहा, “पहले बिजली आती नहीं थी, अब जाती नहीं।” उन्होंने दावा किया कि पहले ट्रांसफर से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में महीनों लग जाते थे, जबकि अब कई मामलों में एक दिन में ही कार्रवाई हो रही है।
कर्मचारियों की समस्याओं पर जल्द कार्रवाई का भरोसा
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारी संघ की ओर से अपनी समस्याएं और मांगें भी रखी गईं। उपमुख्यमंत्री ने इन मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत जल्द ही दुनिया में शीर्ष स्थान हासिल करेगा और देशवासियों की प्रगति को कोई नहीं रोक पाएगा।


