
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत आलियाबाद स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर जल्द ही जिले के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता के तहत धार्मिक स्थलों के विकास की योजना में शामिल मंदिर परिसर का पर्यटन विभाग की ओर से 92.94 लाख रुपये की लागत से विकास कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा संचालित परियोजना की शुरुआत 24 अप्रैल 2026 को हुई थी।
परियोजना के तहत मंदिर परिसर में यात्री निवास, हॉल निर्माण और मंदिर का व्यापक जीर्णोद्धार कराया जाएगा। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति आठ प्रतिशत है। यात्री निवास के फाउंडेशन और प्लिंथ बीम का काम पूरा हो चुका है, जबकि चिनाई का कार्य प्रगति पर है। यात्री निवास का ढांचा तैयार होने के बाद अब स्लैब निर्माण की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार ने बताया कि कार्य निर्धारित समयसारिणी के अनुसार चल रहा है। गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को समय से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर परिसर पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनेगा। पर्यटन अधिकारी मनीषा चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बाराबंकी समेत प्रदेश के धार्मिक स्थलों का विकास प्राथमिकता पर किया जा रहा है। सर्वेश्वर महादेव मंदिर में यात्री निवास समेत अन्य सुविधाओं के निर्माण से स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूरदराज से आने वाले भक्तों को भी लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने भी विकास कार्य शुरू होने पर उत्साह जताया है।


