
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में महापौर सुषमा खर्कवाल ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में 15वें वित्त एवं अवस्थापना निधि के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ”पम्मी”, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने शहर में बंद पड़े पिंक टॉयलेट एक हफ्ते में शुरू कराने के पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान को निर्देश दिए।
नगर निगम ने शहर में महिलाओं की सुविधा के लिए करीब 71 पिंक टॉयलेट बनाए थे, इनमें से अधिकांश बंद हैं। करीब 17 पिंक टॉयलेट ही वर्तमान में संचालित हैं। महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इन्हें शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।
महापौर ने मुख्य अभियंता आरआर मनोज प्रभात से कहा कि स्ट्रीट लाइट की रिपेयरिंग से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाए। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मुख्य अभियंता आरआर से कहा कि जिन स्थानों पर अभी तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है, वहां आवश्यकतानुसार नई स्ट्रीट लाइट लगवायी जाएं।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी महामिलिंद लाल, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, मुख्य अभियंता सिविल महेश वर्मा, मुख्य अभियंता आरआर मनोज प्रभात उपस्थित थे।



