
श्रावस्ती, अमृत विचार: गिलौला थाने के सिसवारा गांव में जमीन पैमाइश करने गई राजस्व व पुलिस टीम की मौजूदगी में मंगलवार को हंगामा हो गया। शिकायतकर्ता की दीवार उजाड़ रही महिलाओं व एक युवक को पुलिस जीप से थाने लाया जा रहा थी, लेकिन युवक गाड़ी से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई।
अधिकारियों ने रात में ही गांव का दौरा किया। सुरक्षा के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कार्य में लापरवाही बरतने पर गिलौला के थानाध्यक्ष उप निरक्षक आशीष कुमार, इन्द्रदेव पटेल व आरक्षी परविन्दर कुमार को लाइन हाजिर किया है। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता को थाना गिलौला में प्रभारी निरीक्षक के पद पर नियुक्त किया है।
दरअसल, सिसवारा निवासी राहुल वर्मा पुत्र राम भवन वर्मा ने जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायती पत्र दिया था। इस पर एसडीएम के निर्देश पर मंगलवार शाम को नायब तहसीलदार आयुष के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक व लेखपाल के साथ ही भारी संख्या में गिलौला की पुलिस गांव में पैमाइश करने गई थी। पैमाइश के बाद विवादित जमीन राहुल वर्मा की ओर से दीवार उठवाई जा रही थी। लेकिन विपक्षी महिलाओं ने हंगामा कर दिया और दीवार उजाड़ने लगी। पुलिस के अनुसार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच महिलाओं और विपक्षी कमलेश को पुलिस गाड़ी से गिलौला थाने लाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में कमलेश गाड़ी से कूद गया और गंभीररूप से घायल हो गया। जिसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई।
भागने के लिए गेट खोलकर कूदा
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग व एसपी राहुल भाटी ने बताया कि महिलाओं व पुरुषों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया था। इस पर शांति व्यवस्था के लिए पांच महिलाओं व एक पुरुष को पुलिस के सरकारी वाहन से थाना भेजा जा रहा था, जिसमें वाहन में सवार कमलेश कुमार पुत्र बृजलाल निवासी मदारपुरवा पुरूषोत्तमपुर वाहन का गेट खोलकर चलती गाड़ी से कूद गया। जिसके कारण वह घायल हो गया, उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस प्रकरण में प्रथम दृष्टया लेखपाल अपूर्व कृष्ण यादव एवं राजस्व निरीक्षक की घोर लापरवाही मिली है। इस पर दोनों को निलंबित कर दिया गया है। जांच के लिए एडीएम के नेतृत्व में टीम गठित की गई है।
भीम आर्मी ने गांव में किया हंगामा
दलित कमलेश की मौत पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता बुधवार गांव पहुंचे और पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। गांव में तैनात पुलिसकर्मियों ने भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को वापस भेजा। जबकि परिजन मायूस हैं और पुलिस तथा शिकायत कर्ता पर हत्या करने का आरोप लगाते रहे। मृतक के भाई की तहरीर पर गिलौला थाने में राहुल वर्मा सहित सात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
परिजनों को नहीं दिया गया शव, मर्चरी हाऊस में ही रखा सुरक्षित
गांव में हंगामा को देखते हुए पुलिस ने शव परिजनों को नहीं सौंपा है। बताया जाता है कि मृतक का एक लड़का मुंबई में है और सूचना पर वहां से घर के लिए रवाना हो गया है। गुरुवार को वह गांव पहुंचेगा तो पुलिस की सुरक्षा में अंतिम संस्कार कराया जाएगा।


