ChhattisgarhCrimeIndiaTrending

चतरा से जुड़े जमशेदपुर’ सोना लूटकांड के तार, चार संदिग्ध हिरासत में.

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की सोना और नकदी लूट के मामले में चतरा से अहम कनेक्शन सामने आने की सूचना है. सूत्रों के अनुसार, चतरा पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध अपराधियों को हिरासत में लिया है. इनमें दो संदिग्धों के जमशेदपुर लूटकांड के मुख्य आरोपी के लगातार संपर्क में होने की बात सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्धों से चतरा पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ भी की है.

पूछताछ के बाद महत्वपूर्ण इनपुट मिलने के बाद उन्हें जमशेदपुर पुलिस के हवाले किए जाने की सूचना है, ताकि चर्चित सोना लूटकांड की जांच में आगे की कड़ी जोड़ी जा सके. हालांकि, चतरा से जमशेदपुर सोना लूटकांड के संदिग्धों की गिरफ्तारी की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. चतरा पुलिस के वरीय अधिकारी भी कार्रवाई की जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं. ऐसे में पूरी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी.

पांच हथियारबंद अपराधियों ने रेनकोट पहन दिया था घटना को अंजाम

गौरतलब है कि जमशेदपुर के व्यस्त गोलमुरी चौक के समीप स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने विगत गुरुवार की सुबह बड़ी डकैती को अंजाम दिया था. मूसलाधार बारिश के दौरान रेनकोट पहनकर पहुंचे पांच अपराधियों ने बैंक कर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया और महज 24 मिनट में आयरन चेस्टर और सेफ में रखे 600 पैकेट में करीब 23 किलोग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 36 करोड़ रुपये बताई गई, तथा 43 लाख रुपये नकद लूट लिए.

20 अधिकारियों की SIT कर रही जांच

वारदात के बाद अपराधी दो बाइक से फरार हो गए थे. घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए 20 अधिकारियों की एसआईटी गठित की और सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई थी. ऐसे में अब चतरा में हुई कार्रवाई को इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है. हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद पूरे गिरोह और लूटकांड के खुलासे की उम्मीद है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply