IndiaTrending

गिरफ्तार करो, पीटो या मार डालो “कॉकरोच’ जनता पार्टी ने कहा- हम सब झेलन को तैयार:

दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले इसके नेताओं को गिरफ्तारी की आशंका हो गई है। सीजेपी के सह-संयोजक सौरभ दास ने खुद के साथ सीजेपी के संयोजक अभिजीत दीपके और दूसरे सह संयोजक आशुतोष रांका समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी की आशंका जाहिर की है। आशुतोष रांका ने एक कदम आगे बढ़ते हुए बताया कि उन्हें सूत्रों से पता चला है कि एनएसए या ऐसे ही किसी कानून में पकड़ा जा सकता है। वहीं, अभिजीत दीपके ने कहा कि वह सबकुछ झेलने को तैयार हैं।

सौरभ दास ने रविवार देर रात अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ‘अर्जेंट न्यूज’ लिखकर यह आशंका जाहिर की। दास ने कहा कि सरकार सीजेपी के नेताओं को गिरफ्तार करने जा रही है, लेकिन यह उसकी भूल होगी और युवा बर्दाश्त नहीं करेंगे। दास ने कहा, ‘सरकार मुझे, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सीजेपी के दूसरे नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है। यदि सरकार सोचती है कि ऐसी तानाशाही काम करेगी तो यह उनकी भूल है। युवा जाग चुके हैं।’

दास ने सीजेपी नेताओं की गिरफ्तारी की सूरत में भी आंदोलन को जारी रखने की अपील करते हुए कहा, ‘हम हर किसी से अपील करते हैं हमारे अधिकार और भविष्य के लिए हमारे साथ या हमारे बिना लड़ते रहें। हम जेल या उससे भी बुरी चीज का सामना करने के लिए तैयार हैं। लेकिन यह बड़ी भूल होगी। युवा इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रदर्शन जारी रहना चाहिए। भारत के लोगों को 10 अक्टूबर से सबसे बड़े जनसमूह को सुनिश्चित करना चाहिए।’

आशुतोष रांका को NSA ऐक्ट में गिरफ्तारी की आशंका, कहा- खून का एक-एक कतरा…

सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका ने सोमवार सुबह सौरभ दास की ओर से जाहिर की जा रही आशंका को आगे बढ़ाते हुए यह भी बताया कि उन्हें किस कानून के तहत पकड़ा जा सकता है। रांका ने कहा, ‘कई सूत्रों हमें बताया है कि अभिजीत दीपके, सौरभ दास और मुझे 10 तारीख से पहले कभी भी एनएसए या इसके समान किसी प्रावधान के तहत गिरफ्तार किया जाएगा। हम तीनों 6 जून से जेल जाने को तैयार हैं। इसको लेकर कोई डर नहीं है।

रांका ने आगे कहा, ‘लेकिन जो लोग इस देश को बर्बाद करने पर तुले हुए हैं, उन्हें ही डरना चाहिए। और वे डर भी रहे हैं। जैसा कि गांधी ने कहा, ‘हिंसा और नफतर डर से पैदा होते हैं। सरकार डरी हुई है और इसलिए यह हिंसा का सहारा ले रही है। हम 30 साल के हैं और बेहतर जवाबदेह भारत के लिए लड़ रहे हैं। हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है। आप हमें गिरफ्तार कर सकते हैं, पीट सकते हैं या मार भी सकते हैं, लेकिन आप हमें रोक नहीं सकते। अगर मार भी दिया तो हमारी चिता से निकलने वाली आग तुम्हारे महलों को पिघला देगी।’ इससे पहले सौरभ दास के पोस्ट पर रांका ने कहा, ‘उन्हें यह करने दीजिए। खून का एक-एक कतरा इस देश में इंकलाब का सैलाब लेकर आएगा।’

हम सब झेलने को तैयार: अभिजीत दीपके

सौरभ दास और आशुतोष रांका की ओर से जताई गई आशंकाओं पर अभिजीत दीपके ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। गिरफ्तारी की बात पर दीपके ने कहा कि 10 अक्टूबर को पूरा देश आएगा, किस-किसको गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने रांका की पोस्ट पर कहा, ‘यदि सरकार मानती हैं कि यूएपीए, एनएसए या सलाखों के पीछे कुछ साल हमें डराकर चुप कर देंगे तो ऐसा नहीं होगा। हम हर उस चीज का सामना करने को तैयार हैं जो हमारे रास्ते में आएगा। जरूरी हुआ तो जेल में महीनों बिताएंगे, लेकिन हम लोकतंत्र बचाने की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। हम महात्मा गांधी के दिखाए रास्तों पर चलेंगे। हम शांतिपूर्वक, अहिंसक तरीके से विरोध करते रहेंगे, भले ही सरकार हमें कितना ही डराए।’

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply