नोएडा के सेक्टर94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में के सुसाइड केस की जांच में हर दिन नई खुलासे हो रहे हैं. पुलिस के हाथ लगी मोबाइल चैट से पता चला है कि घटना से पहले उनके पिता ने करीब 60 बार फोन किया था, लेकिन संभव ने एक भी कॉल नहीं उठाया. इसके बाद उन्होंने पिता को 80 से ज्यादा मैसेज किए, जिनमें कर्ज, बीमारी, पारिवारिक विवाद और निजी जिंदगी की परेशानियों का जिक्र था.

एक मैसेज में संभव ने अपने पिता से कहा कि वह जिंदगी से हार चुके हैं और उनके बेटे का ख्याल रखने की बात लिखी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले संभव ने अपने मोबाइल फोन में करीब 2 मिनट 40 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया था. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मोबाइल को कब्जे में लेकर डिजिटल सबूतों की जांच शुरू कर दी है.
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वीडियो में क्या दर्ज है और घटना से पहले संभव किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे. पुलिस CCTV फुटेज और मोबाइल से मिले अन्य डेटा को भी जांच का हिस्सा बना रही है.
कमरा नंबर 4228 में रुके थे संभव
पुलिस के मुताबिक, संभव कुछ दिनों से घर से बाहर थे. शुक्रवार को उन्होंने सुपरनोवा के स्पायरा टावर स्थित स्टूडियो अपार्टमेंट नंबर 4228 को एक दिन के लिए बुक किया था. शनिवार को उन्हें चेक आउट करना था, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, उनके बच्चे का समय से पहले जन्म हुआ था और इलाज पर काफी खर्च हुआ था. इसी दौरान वैवाहिक जीवन में भी परेशानी आई. पत्नी के अलग होने और बाद में तलाक होने की बात सामने आई है. तलाक समझौते में करीब 15 लाख रुपये की रकम का जिक्र बताया जा रहा है.
करीब 3 करोड़ के कर्ज का दावा
परिजनों से मिली जानकारी और शुरुआती जांच में आर्थिक परेशानी भी एक अहम पहलू के तौर पर सामने आई है. सूत्रों के हवाले से संभव पर करीब 3 करोड़ रुपये के कर्ज की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस अब कर्ज और आर्थिक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है.
पोस्टमार्टम में शॉक एंड हेमरेज
संभव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शॉक एंड हेमरेज बताया गया है. पुलिस फिलहाल किसी एक वजह को घटना का अंतिम कारण नहीं मान रही है. मोबाइल चैट, वीडियो, CCTV फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और परिजनों से मिली जानकारी को जोड़कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी समझने की कोशिश की जा रही है.



