
देवघर में चोरों ने चोरी की ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित नदी सेवा आश्रम के पास मंगलवार तड़के बदमाशों ने SBI के ATM को निशाना बनाया। चोरों ने सिर्फ शटर तोड़कर नकदी निकालने की कोशिश नहीं की, बल्कि पूरी ATM मशीन ही उखाड़कर अपने साथ ले गए।
घटना की सामने आई रिकॉर्डिंग में वारदात का तरीका दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि पांच से ज्यादा बदमाश एक बड़ी गाड़ी से मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले रस्सी की मदद से ATM सेंटर का शटर उखाड़ा। इसके बाद उसी रस्सी के सहारे पूरी मशीन को बाहर खींचकर सड़क तक पहुंचाया गया।
मशीन को सड़क तक लाने के बाद बदमाशों ने उसे गाड़ी में लोड किया और मौके से फरार हो गए। सुबह स्थानीय लोगों की नजर ATM सेंटर पर पड़ी तो शटर टूटा हुआ था और अंदर से पूरी मशीन गायब थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच टीम बदमाशों की पहचान के साथ उस गाड़ी का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसका इस्तेमाल ATM ले जाने के लिए किया गया।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद बदमाश किस रास्ते से फरार हुए। तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
पूरी ATM मशीन को ही उखाड़कर ले जाने की इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की तलाश जारी है।



