
दुमका: झारखंड के दुमका जिले में मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति की जान चली गई। मसलिया थाना क्षेत्र के झुनको गांव में रविवार सुबह दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, झुनको गांव के सुनील मुर्मू और उनके पड़ोसी रूबीशल सोरेन रविवार सुबह करीब 11 बजे बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में रूबीशल ने सुनील के सिर पर लाठी से वार कर दिया।
लाठी लगने से सुनील गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।



