IndiaUttar Pradesh

​बरेली में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंड़ाफोड़… खंडहर में बन रहे थे तमंचे-पिस्टल, 4 गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. बहेड़ी इलाके में सड़क किनारे स्थित एक खंडहर के अंदर चोरीछिपे हथियार तैयार किए जा रहे थे. इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला खुलासा गिरफ्तार आरोपी सुखराज सिंह का पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर से कथित संपर्क सामने आना है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया था और दोनों के बीच हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत हुई थी. आरोपी के मोबाइल से पुलिस को कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं.

​बरेली में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंड़ाफोड़… खंडहर में बन रहे थे तमंचे-पिस्टल, 4 गिरफ्तार

रविवार को पुलिस लाइन में एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और उनकी सप्लाई को लेकर मिल रहे इनपुट के आधार पर एसओजी और स्थानीय पुलिस को सक्रिय किया गया था. इसी दौरान शनिवार देर रात सूचना मिली कि बरेलीबहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे बने एक खंडहर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं.

छापेमारी के दौरान मिले हथियार

सूचना पर क्षेत्राधिकारी बहेड़ी के नेतृत्व में एसओजी और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने खंडहर की घेराबंदी की. रात करीब 1 बजकर 35 मिनट पर छापेमारी की गई. पुलिस को मौके पर कुछ लोग हथियार बनाते हुए मिले. टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे में फरार हो गए.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सुखराज सिंह के मोबाइल की जांच में पाकिस्तान के अजमल गुर्जर से संपर्क के साक्ष्य मिले हैं. आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए उसके संपर्क में आया था. इसके बाद इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत हुई थी. मोबाइल में कुछ डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जबकि कई चैट डिलीट पाई गई हैं. पुलिस इस संपर्क के उद्देश्य और संभावित हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है.

चार आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में बहेड़ी निवासी सुखराज सिंह, शानू मियां, रामपुर के जीवनदीप सिंह और पीलीभीत के जसनूर सिंह शामिल हैं. पूछताछ में हथियार तस्करी के पुराने आरोपी इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी उसके संपर्क में बताए जा रहे हैं. इशरत पहले भी हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 9 एमएम की अवैध पिस्टल, 315 बोर की रायफल, 12 बोर की दो अधबनी लोहे की नाल, शिकंजा मशीन, हथियार बनाने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

एसएसपी ने बताया कि बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं. अब पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई के संभावित ठिकानों और पाकिस्तानी हैंडलर से कथित संपर्क की भूमिका की जांच कर रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply