अगर आपको लगता है कि विदेशी बाइक कंपनियों का ही दुनिया भर में डंका बजता है, तो आप गलत हो सकते हैं. ग्लोबल टूव्हीलर मार्केट में भारत ने बड़ा उलटफेर कर दिया है. टूव्हीलर मार्केट में अब भारत ने अपना लोहा मनवा दिया है और भारतीय कंपनियों का दबदबा साफ नजर आने लगा है. दशकों से चली आ रही जापानी कंपनियों की बादशाहत को अब भारतीय ब्रांड्स ने टक्कर दे दी है. ग्लोबल सेल्स की नई रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया की टॉप3 टूव्हीलर कंपनियों की लिस्ट में अब दो भारतीय कंपनियों की एंट्री हो गई है. हीरो मोटोकॉर्प और टीवीएस मोटर ने अपनी बढ़ती सेल के साथ जापानी कंपनी Yamaha को पीछे छोड़ते हुए टॉप3 में अपनी जगह पक्की कर ली है.

दुनिया की तीन सबसे बड़ी दोपहिया वाहन कंपनियों में दो भारतीय कंपनियां शामिल हो गई हैं. हीरो मोटोकॉर्प ने सेल के मामले में दुनिया में दूसरा स्थान हासिल किया है, वहीं टीवीएस मोटर कंपनी तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. इस लिस्ट में जापान की होंडा पहले स्थान पर बनी हुई है. फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच दुनिया की सबसे बड़ी टू व्हीलर बनाने वाली कंपनी होंडा ने कुल 1.19 करोड़ वाहन बेचे. बीते साल इसी टाइमपीरियड में कंपनी की बिक्री 1.076 करोड़ यूनिट थी. इस तरह होंडा की बिक्री में 10.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
वहीं, हीरो मोटोकॉर्प ने इस छह महीने की अवधि में करीब 35.45 लाख दोपहिया वाहन बेचे. इसके साथ ही कंपनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता बन गई. टीवीएस मोटर कंपनी भी ज्यादा पीछे नहीं रही. कंपनी ने इस दौरान 34 लाख यूनिट की बिक्री की और तीसरा स्थान अपने नाम कर लिया. जापान की यामाहा 28.89 लाख यूनिट की बिक्री के साथ चौथे नंबर पर खिसक गई.
हीरो और TVS की बिक्री में आई तेजी
की इस कामयाबी के पीछे लगातार दो तिमाहियों में हुई अच्छी सेल रही है. फाइनेंशियल ईयर 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने 16.77 लाख वाहन बेचे, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 23 फीसदी ज्यादा थे. दूसरी तिमाही में भी कंपनी की सेल 10 फीसदी बढ़कर 18.68 लाख यूनिट पर पहुंच गई.
दूसरी तरफ, TVS मोटर कंपनी ने इन चारों कंपनियों में सबसे तेज रफ्तार से ग्रोथ दर्ज की. अप्रैल से सितंबर के बीच इसकी दोपहिया वाहनों की सेल 27 फीसदी बढ़कर 34 लाख यूनिट हो गई. कंपनी के अनुसार, इंटरनेशलन मार्केट में उसका बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है. यूरोप और लैटिन अमेरिका समेत कई बाजारों में कंपनी अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है. दोपहिया और तिपहिया वाहनों के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 34 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 10 लाख यूनिट तक पहुंच गया.
कमाई के मामले में भी भारतीय कंपनियां मजबूत
सेल के साथसाथ इन दोनों भारतीय कंपनियों की कमाई में भी काफी आगे निकलती हैं. अप्रैल से सितंबर के बीच हीरो मोटोकॉर्प का रेवेन्यू 28 प्रतिशत बढ़कर 28,097 करोड़ रुपये रहा, वहीं शुद्ध मुनाफा 8 प्रतिशत बढ़कर 3,278 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसी तरह TVS मोटर का रेवेन्यू 41 प्रतिशत की छलांग लगाकर 30,999 करोड़ रुपये हो गया और टैक्स से पहले का मुनाफा 52 प्रतिशत बढ़कर 3,454 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. भारत के सबसे बड़े मार्केट और एक्सपोर्ट हब बनने से देसी कंपनियों ने ग्लोबल मार्केट का समीकरण बदल दिया है, लेकिन नंबर1 पर मौजूद होंडा को पछाड़ने के लिए अभी लंबा सफर तय करना बाकी है.



