FD Investment Tips: सुरक्षित निवेश की बात आते ही ज्यादातर लोग फिक्स्ड डिपॉजिट को चुनते हैं. बाजार के उतारचढ़ाव का सीधा असर इस पर नहीं पड़ता और तय ब्याज मिलता है. इसी वजह से लोग अपनी बचत का एक हिस्सा एफडी में रखते हैं. लेकिन सिर्फ एफडी करा लेने से ज्यादा कमाई की गारंटी नहीं मिलती. निवेश का सही समय, ब्याज लेने का तरीका और टैक्स के नियम समझना भी जरूरी है. कई बार छोटी सी लापरवाही से आपकी ब्याज की कमाई घट जाती है.

बिना तुलना किए पुराने बैंक में निवेश करना
अक्सर लोग अपनी सुविधा के लिए पुराने बैंक में ही एफडी करा लेते हैं. वे दूसरे बैंकों की ब्याज दरें चेक नहीं करते. इस आदत से आपकी कमाई कम हो सकती है. उदाहरण के लिए, अगर आप 5 लाख रुपये की एफडी तीन साल के लिए कराना चाहते हैं. एक बैंक इस पर 6.5% तो दूसरा बैंक 7.5% ब्याज दे रहा है. सालाना चक्रवृद्धि ब्याज के हिसाब से तीन साल बाद पहली एफडी करीब 6.04 लाख रुपये होगी. वहीं दूसरी एफडी बढ़कर करीब 6.22 लाख रुपये हो जाएगी. यानी सिर्फ 1% के फर्क से आपको करीब 18,000 रुपये का सीधा नुकसान हो सकता है. यही गलती लोग एफडी मैच्योर होने पर भी करते हैं. वे नई ब्याज दरों की तुलना किए बिना एफडी को अपने आप रिन्यू करा देते हैं. अगर तीन साल पहले 7.5% ब्याज मिल रहा था और अब बैंक रिन्यूअल पर सिर्फ 6.5% दे रहा है, तो बिना जांचे रिन्यू कराने से अगले तीन साल कम कमाई होगी. इसलिए निवेश या रिन्यू कराने से पहले अलगअलग बैंकों की दरें जरूर जांचनी चाहिए.
पूरी रकम एक ही जगह फंसाने का नुकसान
मान लीजिए आपके पास 10 लाख रुपये हैं. आपने ये पूरी रकम पांच साल के लिए एक ही एफडी में जमा कर दी. लेकिन दो साल बाद आपको अचानक 3 लाख रुपये की जरूरत पड़ गई. ऐसे में आपको अपनी एफडी बीच में ही तोड़नी पड़ेगी. समय से पहले पैसा निकालने पर बैंक पेनल्टी लगाता है, जिससे ब्याज घट जाता है. इस नुकसान से बचने का सबसे अच्छा तरीका ‘FD Laddering’ है. इसमें आप बड़ी रकम को अलगअलग अवधि की छोटी एफडी में बांट सकते हैं. जैसे 10 लाख रुपये की जगह 22 लाख रुपये की पांच अलग एफडी करा लें. इनकी अवधि एक से पांच साल तक रख सकते हैं. इससे जरूरत पड़ने पर पूरी रकम तुड़वाने की नौबत नहीं आएगी.
ब्याज का सही विकल्प चुनना कितना जरूरी
एफडी में ब्याज लेने के दो तरीके होते हैं. पहला विकल्प हर महीने या तिमाही आधार पर ब्याज लेने का है. अगर आपको नियमित आमदनी चाहिए तो ये विकल्प चुन सकते हैं. दूसरा तरीका ब्याज को मूल रकम में जोड़कर दोबारा निवेश करने का है. इसे क्युमुलेटिव एफडी कहते हैं. अगर आपको तुरंत पैसों की जरूरत नहीं है और आप अपनी रकम बढ़ाना चाहते हैं, तो क्युमुलेटिव एफडी ज्यादा बेहतर है. इसमें आपको ब्याज के ऊपर भी ब्याज मिलता है.
टैक्स के नियम के साथ बैंक बीमा की सीमा समझें
एफडी कराते वक्त लोग अक्सर इस पर लगने वाले टैक्स को भूल जाते हैं. एफडी से मिलने वाला ब्याज आपकी कुल सालाना आय में जुड़ता है. इस पर आपके इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है. मान लीजिए सालभर में आपको एफडी से 50,000 रुपये का ब्याज मिला. अगर आप 30% टैक्स स्लैब में आते हैं, तो इस पर करीब 15,000 रुपये टैक्स बन जाएगा. यानी आपके हाथ में सिर्फ 35,000 रुपये ही बचेंगे. ये भी ध्यान रखें कि बैंक द्वारा टीडीएस काटना ही अंतिम टैक्स नहीं होता.
इसलिए निवेश से पहले टैक्स के बाद मिलने वाले असली रिटर्न का हिसाब जरूर लगाएं. इसके अलावा एफडी को पूरी तरह जोखिममुक्त मानना भी सही नहीं है. बैंक में जमा रकम पर DICGC की तरफ से प्रति जमाकर्ता, प्रति बैंक अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ही बीमा कवर मिलता है. इसमें आपकी मूल रकम और ब्याज दोनों शामिल हैं. ये सीमा एक ही बैंक में आपकी सभी जमाओं को मिलाकर लागू होती है. इसलिए बड़ी रकम जमा करते समय बैंक बीमा की सीमा, ब्याज दर, पेनल्टी और टैक्स नियमों की पूरी जानकारी रखनी चाहिए. सही योजना के साथ ही एफडी आपकी बचत को सुरक्षित रखकर अच्छा रिटर्न दे सकती है.



