तुलसी एक ऐसा पौधा है जो धार्मिक रूप से बहुत महत्व रखता है और ये मेडिसिनल प्रॉपर्टीज से भी भरपूर होता है. बहुत ज्यादा गर्मी या बहुत ज्यादा सर्दी हो और तुलसी की सही देखभाल न की जाए तो ये पौधा सूखने लगता है. सर्दियों में खासकर धूप की कमी, पाला पड़ना जैसी वजहों से तुलसी मुरझा जाती है और इसकी पत्तियां काली पड़कर झड़ना शुरू हो जाती हैं. इस आर्टिकल में जानिए कि कैसे आप तुलसी को सर्दियों में हरा रख सकते हैं.

सर्दी के दिनों में ही तुलसी की ज्यादा आवश्यकता पड़ती है, क्योंकि इस दौरान जुकाम, खांसी, खराश जैसी दिक्कतों में ये राहत दिलाने में कारगर रहती है. फिलहाल अगर तुलसी की देखभाल के सही तरीके और कुछ हैक्स पता हो तो आप सूखते हुए पौधे को भी दोबारा से हरा कर सकते हैं.
पौधे की मंजरी हटा दें
आपके तुलसी के पौधे पर अगर बहुत सारी मंजरी है और उसमें से कुछ सूखना भी शुरू हो गई है तो इसे हटा दें. सारी मंजरी को धीरेधीरे तोड़ें ताकि तने पर खिंचाव न पड़े. हरी मंजरी का इस्तेमाल चाय में कर लें और सूखी हुई मंजरी से बीज निकालकर गमले में ही डाल दें. इससे और भी पौधे उग जाएंगे. दरअसल जब पौधे पर बहुत सारी मंजरी निकल आती हैं तो उसकी ग्रोथ कम हो सकती है. दरअसल जब पौधे पर बहुत सारे फूल या बीज आते हैं तो वो अपनी पूरी ऊर्जा उसी पर लगाते हैं, जिससे नई पत्तियों और शाखाओं की ग्रोथ धीमी होने लगती है.
Getty Images
कपड़े से ढक दें तुलसी
ज्यादा सर्दी होती है तो पाला और बर्फीली हवा की वजह से तुलसी की पत्तियां सिकुड़कर सूखना शुरू हो जाती हैं. इससे पौधा घना नहीं हो पाता है. इससे बचाने के लिए पौधे को ऐसी जगह रखें जहां इसे हल्की धूप मिलती रहे और हवा, कोहरे से बी बचाव हो. इसके अलावा एक हल्के सूती कपड़े से तुलसी को ढककर रखना चाहिए.
गुड़ाई करना और पानी डालना
सर्दियों में गमले की मिट्टी जाम हो जाती है. इस वजह से पानी गमले में ही रुकने लगता है, नतीजा पौधा सूखना शुरू हो जाता है. समयसमय पर मिट्टी की गुड़ाई करते रहें और चेत करें कि पानी की निकासी सही है या फिर नहीं. गुड़ाई करने के बाद मिट्टी में 1 से डेढ़ महीने में थोड़ी खाद भी डालते रहें. ध्यान रखें कि पौधे में तब तक पानी न डालें, जब तक कि मिट्टी सूखने न लगे.
ये घोल आएंगे काम
तुलसी के पौधे को हरा भरा रखने के लिए आप गुड़ाई करने के बाद पुराना गोबर पानी में घोलकर गमले में डाल सकते हैं. इसके अलावा थोड़ी मात्रा में एप्सम सॉल्ट को पानी में घोलकर पत्तियों पर स्प्रे करने से ये हरी बनी रहती हैं. कच्चे दूध और पानी का घोल भी आप पौधे की जड़ में डाल सकते हैं, जिससे प्लांट को पोषण मिलता है.
सूखते पौधे को बचाने का हैक
पौधा सूख रहा है तो इसके तने को दो से तीन जगह से हल्का खुरचकर देखें कि कहां से अंदर से हरा है और कहां तक पूरी तरह से सूख चुका है. जो टहनियां बिल्कुल सूख गई हैं वहां से कैंची की मदद से इसे अलग कर दें. अब जो कटी हुई टहनियां हैं वो सील कर दें ताकि हवा से ये सूखे नहीं. इसके लिए पिघली हुई मोमबत्ती या फिर टेपिंग का यूज कर सकते हैं. गमले में मिट्टी को खोदकर उसमें खाद मिला दें. इसके बाद ऊपर दिए तरीकों से पौधे की देखभाल करें.



