देश के सरकारी बैंक एक बार फिर अपने कारोबार में तेजी दिखा रहे हैं. खास बात यह है कि तीन सरकारी बैंक ऐसे हैं, जिनकी कर्ज देने की रफ्तार देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक से भी ज्यादा है. इसके बावजूद शेयर बाजार में इन तीनों बैंकों के शेयर SBI के मुकाबले काफी कम वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहे हैं.

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 तिमाही में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने कर्ज कारोबार में 18.5% से 30.4% तक की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की. वहीं, SBI के कर्ज कारोबार में 18.2% की ग्रोथ हुई. इन तीनों बैंकों ने डिपॉजिट बढ़ाने के मामले में भी SBI से बेहतर प्रदर्शन किया है.
कौन से हैं देश के 3 सस्ते सरकारी बैंक?
रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का शेयर 0.7 गुना, बैंक ऑफ इंडिया का 0.8 गुना और बैंक ऑफ बड़ौदा का 0.9 गुना पर कारोबार कर रहा है. वहीं, SBI का P/B रेशियो 1.7 गुना है. शेयरों की वैल्यूएशन मापने के लिए प्राइसटूबुक वैल्यू का इस्तेमाल किया गया है. इसका मतलब है कि इन तीनों बैंकों की वैल्यूएशन SBI के मुकाबले 47% से 59% तक कम है.
1. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने सितंबर तिमाही में सबसे तेज कर्ज वृद्धि दर्ज की. बैंक का कुल कर्ज कारोबार सालाना आधार पर 30.4% बढ़कर 3.73 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया. इस दौरान बैंक के रिटेल लोन में 24.5%, छोटे कारोबारियों को दिए गए SME लोन में 17.4% और कॉरपोरेट लोन में 42.1% की बढ़ोतरी हुई. बैंक की जमा राशि भी 14.4% बढ़कर 5.08 लाख करोड़ रुपए हो गई. बैंक का शुद्ध मुनाफा 21.1% बढ़कर 1,468.9 करोड़ रुपए रहा. इसकी नेट इंटरेस्ट मार्जिन 3% रही.
2. बैंक ऑफ इंडिया
बैंक ऑफ इंडिया के कर्ज कारोबार में भी अच्छी तेजी देखने को मिली. सितंबर तिमाही में बैंक का कुल कर्ज 21.4% बढ़कर 8.44 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया. बैंक के रिटेल लोन में 19.3% और SME लोन में 20.3% की बढ़ोतरी हुई. वहीं, बैंक की कुल जमा राशि 21.6% बढ़कर 10.37 लाख करोड़ रुपए हो गई. इस दौरान बैंक का शुद्ध मुनाफा 25.4% बढ़कर 3,202.4 करोड़ रुपए रहा। बैंक की NIM 2.5% दर्ज की गई.
3. बैंक ऑफ बड़ौदा
बैंक ऑफ बड़ौदा का कर्ज कारोबार सितंबर तिमाही में 18.5% बढ़कर 14.91 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. बैंक के SME लोन में 21.3% और ऑटो लोन में 27.8% की बढ़ोतरी हुई. बैंक की कुल जमा राशि 16.3% बढ़कर 17.45 लाख करोड़ रुपए रही. वहीं, बैंक का शुद्ध मुनाफा 35.8% बढ़कर 6,531.5 करोड़ रुपए पहुंच गया। इसकी NIM 2.9% रही.
SBI से कैसे अलग है इन बैंकों की स्थिति?
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI के कर्ज कारोबार में सितंबर तिमाही के दौरान 18.2% की वृद्धि हुई. इसका कुल कर्ज 51.54 लाख करोड़ रुपए रहा. बैंक की जमा राशि 12.3% बढ़कर 62.77 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई. SBI का शुद्ध मुनाफा 14.3% बढ़कर 23,038 करोड़ रुपए रहा. बैंक की NIM 3.06% दर्ज की गई.
निवेशकों को किन बातों पर ध्यान देना चाहिए?
रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों बैंकों का प्रदर्शन बेहतर हुआ है, लेकिन SBI अभी भी कुछ अहम मामलों में आगे है. उदाहरण के लिए, SBI का रिटर्न ऑन इक्विटी 16.2% है. वहीं, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का 11.6%, बैंक ऑफ इंडिया का 12.4% और बैंक ऑफ बड़ौदा का 13.8% है. इसके अलावा, तीनों बैंकों के लिए कर्ज की गुणवत्ता, जमा राशि में बढ़ोतरी और ब्याज से होने वाली कमाई पर नजर रखना जरूरी होगा. आने वाले समय में कारोबार में तेजी से बैंकों के कर्ज की मांग बढ़ सकती है. हालांकि, ब्याज दरों में बदलाव, कमजोर मानसून और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर भी बैंकों के प्रदर्शन पर पड़ सकता है.
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.



