CrimeIndia

​कौन है यूट्यूबर एस. निशांत? जिसने तनिष्क के शोरूम में डाला डाका, गर्लफ्रेंड की मदद के लिए लूटे 12 किलो गहने

Madurai Tanishq Robbery: तमिलनाडु के मदुरै में तनिष्क के शोरूम में हुई करोड़ों रुपए की चोरी ने सभी को हैरान कर दिया है. इस मामले का मुख्य आरोपी एस. निशांत एक यूट्यूबर और बाइक टैक्सी चालक है. पुलिस के मुताबिक, उसने अपनी गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनाक्षी की आर्थिक मदद करने के लिए इस वारदात की साजिश रची थी. पुलिस ने उसके पास से चोरी के करीब 11.9 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं. आइए जानते हैं कौन है एस. निशांत और कैसे उसने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया?

​कौन है यूट्यूबर एस. निशांत? जिसने तनिष्क के शोरूम में डाला डाका, गर्लफ्रेंड की मदद के लिए लूटे 12 किलो गहने

मदुरै में 12 नवंबर को तनिष्क के एक नए शोरूम में बड़ी चोरी हुई थी. चोर शोरूम से करोड़ों रुपए के सोने और हीरे के गहने लेकर फरार हो गया था. शुरुआत में पुलिस के लिए इस वारदात को सुलझाना बड़ी चुनौती थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंच गई. इस मामले में यूट्यूबर एस. निशांत नाम के युवक को मुख्य आरोपी बनाया गया है.

ये भी पढे़ं

निशांत की पहचान एक यूट्यूबर और बाइक टैक्सी चालक के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाला यह युवक एक बड़ी चोरी की योजना बनाकर शोरूम में दाखिल हुआ था. पुलिस के मुताबिक, उसने इस वारदात को अपनी गर्लफ्रेंड की आर्थिक मदद करने के लिए अंजाम दिया.

कौन है एस. निशांत?

एस. निशांत मदुरै का ही रहने वाला है. वह पलांगनाथम इलाके के अरुतपेरुम ज्योति नगर में रहता है. निशांत सोशल मीडिया पर यूट्यूब वीडियो बनाता था. इसके साथ ही वह बाइक टैक्सी भी चलाता था. यूट्यूबर पर उसे करीब 50 K सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टा पर करीब 1.55 लाख सब्सक्राइबर हैं. पुलिस के मुताबिक, निशांत का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. साल 2023 में उसके खिलाफ एक सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज हुआ था. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. हालांकि अब वह तनिष्क शोरूम में करोड़ों की चोरी के मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर गिरफ्तार हुआ है.

गर्लफ्रेंड की मदद के लिए बनाई चोरी की योजना

पुलिस की जांच में निशांत की गर्लफ्रेंड मीनाक्षी का नाम भी सामने आया है. वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, निशांत ने उसकी आर्थिक मदद करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी. इस साजिश में मीनाक्षी की भूमिका की भी जांच की गई है. पुलिस ने निशांत के पिता सुरेश और उसकी गर्लफ्रेंड मीनाक्षी को भी गिरफ्तार किया है. उन पर चोरी के बाद सबूत मिटाने और वारदात में मदद करने के आरोप हैं.

ग्राहक बनकर तीन बार की शोरूम की रेकी

पुलिस के मुताबिक, निशांत ने चोरी को अंजाम देने से पहले पूरी तैयारी की थी. उसने ग्राहक बनकर तीन बार तनिष्क शोरूम का दौरा किया था. इस दौरान उसने शोरूम की बनावट और अंदर आनेजाने के रास्तों की जानकारी जुटाई. 12 नवंबर की तड़के वह शोरूम की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुआ. इसके लिए उसने अधूरे लिफ्ट शाफ्ट का इस्तेमाल किया. इसके बाद शोरूम में रखे सोने और हीरे के आभूषण समेटकर वहां से फरार हो गया. इस वारदात में करीब 11 से 12 किलोग्राम आभूषण चोरी होने की बात सामने आई. इनकी कीमत करीब 15 से 21 करोड़ रुपए आंकी गई थी.

हाथ पर बने टैटू से पुलिस ने पकड़ा

वारदात के बाद पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के हाथ पर बना एक खास टैटू दिखाई दिया. इसके बाद एआई इमेज मैचिंग और दूसरी तकनीकी मदद से उसकी पहचान करने में सफलता मिली. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी. इसी बीच 16 नवंबर को धर्मपुरी जिले के सीसमपट्टी इलाके में एक निजी बस से यात्रा करते समय उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

11.9 किलो आभूषण बरामद

पुलिस ने निशांत से पूछताछ के बाद चोरी के आभूषणों की बरामदगी की. पुलिस के मुताबिक, उसके बताए ठिकाने से करीब 6.4 किलोग्राम आभूषण मिले. वहीं उसकी गर्लफ्रेंड मीनाक्षी के पास से पहले ही 5.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका था. इस तरह पुलिस अब तक कुल 11.9 किलोग्राम सोना और आभूषण बरामद कर चुकी है. 17 नवंबर को पुलिस ने बताया कि निशांत को अदालत में पेश किया गया था. मदुरै की पांचवीं न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने उसे एक दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल उसे कड़ी सुरक्षा के बीच मदुरै केंद्रीय जेल में रखा गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply