राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में पहली बार फ्लॉप हुए. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए. मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के असिस्टेंट कोच ट्रेवर पैनी ने बताया कि इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने की वजह से वैभव नाखुश थे.

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में एक बल्लेबाज जिसने सबको अपना फैन बना लिया उसका बल्ला खामोश हुआ तो कितनों के दिल टूट गए. जब भी वैभव सूर्यवंशी मैदान पर होते हैं, उन पर नजरें टिक जाती हैं. 15 साल के वैभव आईपीएल 2026 के टॉप स्कोरर्स में शामिल हैं. अब तक दो बार 15 गेंद में अर्धशतक जड़ चुके हैं. राजस्थान रॉयल्स के पहले चार मैचों में सूर्यवंशी ने धमाकेदार पारी खेलते हुए 52, 31, 39 और 78 रन बनाए. सोमवार को SRH के खिलाफ मैच में सूर्यवंशी बिना खाता खोलो वापस लौटे.
पिछले मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे और गेंदबाजों की जमकर पिटाई की. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी उनकी भूमिका वही थी लेकिन इस बार नाकाम रहे. राजस्थान रॉयल्स के असिस्टेंट कोच ट्रेवर पैनी से वैभव सूर्यवंशी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारने के फैसले के बारे में पूछा गया. उन्होंने कहा कि यह युवा खिलाड़ी फील्डिंग भी करना चाहता है, लेकिन टीम कॉम्बिनेशन के चलते ऐसा करना संभव नहीं था.
पैनी ने स्टार स्पोर्ट्स पर SRH बनाम RR मैच के दौरान कहा, “पिछले मैच में जब वह (फील्डिंग में) नहीं उतरा, तो वह खुश नहीं था क्योंकि उसे फील्डिंग करना बहुत पसंद है. ऐसा नहीं है कि वह खराब फील्डर है. डोनोवन ने अपनी फिटनेस टेस्ट पास कर ली है. SA20 में उसका कॉलरबोन टूट गया था. वह शानदार फील्डर है. उसे वापस मैदान पर देखना अच्छा है. अफसोस, वैभव को बाहर बैठना पड़ा.”
मैच की बात करें तो विदर्भ के प्रफुल्ल हिंगे और बिहार के साकिब हुसैन ने राजस्थान रॉयल्स की जीत की लय तोड़ दी. RR की टीम SRH के खिलाफ 159 रन पर सिमट गई. SRH ने कप्तान ईशान किशन की 44 गेंद में खेली 91 रन की पारी की बदौलत 216/6 का स्कोर खड़ा किया था. इस जीत के साथ RR की चार मैचों की जीत की लय टूट गई और SRH को तीन हार के साथ दूसरी जीत मिली. RR को पहली हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वह अभी भी अंक तालिका में टॉप पर है.



