Satya Report: गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां तेज रफ्तार बोलेरो सवार बदमाशों ने एक महिला को टक्कर मारकर घायल कर दिया और उसकी गोद से डेढ़ साल के मासूम बच्चे को उठाकर फरार हो गए. बच्चे के अपहरण की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चे को 45 मिनट में बरामद किया.

जानकारी के अनुसार, गजपुर बाजार निवासी राम आशीष यादव की पत्नी सुमन अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को दवा दिलाने के लिए चौराहे पर गई थीं. दवा लेकर लौटते समय घर के पास ही पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी. महिला के गिरते ही गाड़ी में सवार लोगों ने बच्चे को उठाया और मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी गई. सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें बोलेरो की दिशा और नंबर स्पष्ट दिखाई दिया. जांच में पता चला कि वाहन सहजनवा क्षेत्र के रहने वाले रिशु पासवान के नाम पर है.
45 मिनट में पुलिस ने बच्चे को किया बरामद
पुलिस ने कंट्रोल रूम को अलर्ट करते हुए चेकिंग अभियान शुरू कराया. इसके बाद सौहदौरा चौकी के पास नाकाबंदी कर दी गई. पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त कार्रवाई में बोलेरो को घेर लिया गया, हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा.
वाहन की तलाशी लेने पर अपहृत बच्चा सुरक्षित हालत में मिला. पुलिस ने तुरंत बच्चे को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मामूली चोट के साथ सुरक्षित बताया. वहीं, घायल महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है.



