इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 52वां लीग मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया लेकिन उनके लिए शुरुआत किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से इस मैच का पहला ओवर फेंकने के लिए आए जोफ्रा आर्चर ने नोबॉल और वाइड की ऐसी झड़ी लगाई कि उन्होंने अपने पहले ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकने के साथ एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो कोई भी गेंदबाज कभी नहीं बनाना चाहेगा।

जोफ्रा आर्चर इस मामले में आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी
आईपीएल के इतिहास में जोफ्रा आर्चर अब पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने किसी मुकाबले के पहले ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकी हैं। वहीं ये आईपीएल में अभी तक के सबसे ज्यादा गेंदें फेंके जाने वाले ओवर्स में संयुक्त रूप से छह अन्य खिलाड़ियों के साथ पहले नंबर पर है। यदि जोफ्रा इस ओवर में एक गेंद और फेंकते तो वह आईपीएल में एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंदें फेंकने वाले गेंदबाज बन जाते। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में जोफ्रा ने अपने पहले ओवर में जहां कुल चार वाइड गेंदें फेंकी तो वहीं इसमें एक नोबॉल भी शामिल थी। इसके अलावा उन्होंने इस ओवर में कुल 18 रन दिए।
आईपीएल में एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंदें फेंकने वाले बॉलर्स
- मोहम्मद सिराज 11 गेंदें बनाम मुंबई इंडियंस
- तुषार देशपांडे 11 गेंदें बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स
- शार्दुल ठाकुर 11 गेंदें बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
- संदीप शर्मा 11 गेंदें बनाम दिल्ली कैपिटल्स
- हार्दिक पांड्या 11 गेंदें बनाम गुजरात टाइटंस
- अर्शदीप सिंह 11 गेंदें बनाम गुजरात टाइटंस
- जोफ्रा आर्चर 11 गेंदें बनाम गुजरात टाइटंस
अब तक इस सीजन गेंद से दिखा है शानदार प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स टीम के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का अभी तक आईपीएल के 19वें सीजन में गेंद से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने कुल 15 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में उनके लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ ये मुकाबला थोड़ा खराब जरूर साबित हुआ है।



