
Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ट्रेन की पटरी पर रखा 50 किलो का लोहा पंजाब मेल हादसे से बच गया। इंजन में फंसा एंगल, लोको पायलट के सूझबूझ में इमरजेंसी ब्रेक लगाई गई।
लखनऊ में एक बार फिर ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश का मामला सामने आया है। कैंट क्षेत्र के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास रेलवे ट्रैक पर 50 किलो वजनी लोहे का एंगल रख दिया गया। अमृतसर से हावड़ा जा रही पंजाब मेल जब लखनऊ से गुजरी, तो दिलकुशा के पास उसके इंजन के नीचे लोहा फंस गया।
लोको पायलट ने समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की है। वरिष्ठ खंड अभियंता (रेलपथ) राजकिशोर मिश्र के मुताबिक, ट्रेन संख्या 13006 पंजाब मेल दिलकुशा ब्लॉक हट के पास पहुंची थी, तभी लोको पायलट की नजर ट्रैक पर रखे भारी लोहे के एंगल पर पड़ी।
ट्रेन की रफ्तार कम होने के बावजूद इंजन एंगल से टकरा गया और वह इंजन में फंस गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और आरपीएफ मौके पर पहुंचे तथा एंगल को हटाकर कब्जे में लिया। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।
राजकिशोर मिश्र की लिखित शिकायत पर कैंट थाने में रेलवे अधिनियम की धाराओं 151 और 153 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस और सर्विलांस टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
कैंट थाना प्रभारी गुरप्रीत कौर ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे शरारती तत्वों या नशेड़ियों की हरकत मान रही है, लेकिन किसी बड़ी साजिश की आशंका को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी सूचित किया गया है।



