Meerut Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मुस्लिम युवक ने गाजियाबाद की रहने वाली हिंदू युवती को रातभर स्क्वायर होटल में बंधक बनाकर रखा. यही नहीं रातभर आरोपी युवक ने युवती को कमरे में टॉर्चर भी किया. मामला मेरठ के आबूलेन बाजार का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, जब युवती आरोपी युवक के चंगुल से भागी तो उसने उसे बीच सड़क पर गिराया, बाल पकड़कर पीटने लगा.

यह देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने युवती को छुड़ाया और आरोपी की पिटाई शुरू कर दी. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है. बताया जा रहा है कि आरोपी भीड़ से बचकर होटल में भाग गया. वो भीड़ से बचकर होटल की छत पर पहुंचा और पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया. कहा जा रहा है कि आरोपी युवक को होटल कर्मचारियों ने भगाया. आरोपी युवक का नाम सलमान है.
आरोपी युवती का पूर्व प्रेमी बताया जा रहा
सलमान कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित जैनपुर निवासी है. आरोपी युवती का पूर्व प्रेमी बताया जा रहा है. सलमान दो साल पहले युवती से गाजियाबाद के एक मॉल में मिला था.फिर दोनों में दोस्ती हो गई. इसके बाद दोनों ने परतापुर के रिठानी में एक होटल किराए पर लिया और साझेदारी में कारोबार की शुरुआत की, लेकिन व्यापार नही चला और होटल बंद हो गया. उसके बाद युवती की शादी तय हो गई. उसने सलमान से संपर्क तोड़ दिया.
सोमवार को युवती अपनी सहेली से मिलने के लिए आई थी. तभी सहेली के दोस्त कृष्णा ने सलमान को युवती के बारे में बताया. कृष्णा युवती और उसकी सहेली व सहेली की भाभी को लेकर आबूलेन बाजार स्थित स्क्वायर होटल आया. होटल का मैनेजर भी कृष्णा ही बताया जा रहा है. होटल में सलमान पहले से था. इसके बाद युवती को सलमान अलग कमरे में ले गया. रातभर सलमान ने युवती को कमरे में बंधक बनाए रखा और टॉर्चर किया.
युवती के शाेर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पीटा
मंगलवार की दोपहर युवती सलमान के चंगुल से छूटकर आबूलेन में बीच बाजार में पहुंची. युवती का पीछा करते हुए सलमान भी पहुंचा. फिर बीच सड़क पर युवती को गिराकर पीटने लगा. युवती के शाेर मचाने पर बाजार में मौजूद लोग और व्यापारी जमा और उसके बाद सलमान को पीटने लगे. भीड़ के बीच से छूटकर सलमान होटल की छत पर चढ़कर पीछे से कूद कर भागने में सफल हो गया.
होटल में बिना एंट्री के 3 लव कपल को कमरे दिये गए. पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. अखिल भारतीय हिन्दू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने सलमान के एनकाउंटर और होटल को सील करने की मांग की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी की तलाश करने के लिए पुलिस की दो टीमें बना दी गई है.



