
लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पर्याप्त संसाधन, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर देने की है, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
जगह मेट्रो चलनी थी, वहां अब नाव चल रही है
भारी बारिश के चलते गोरखपुर में जलभराव की स्थिति को लेकर अखिलेश ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस जगह मेट्रो चलनी थी, वहां अब नाव चल रही है। गोरखपुर में लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की खबरें सामने आई हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा के गांवों को गोद लेने के दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जिन गांवों को भाजपा ने गोद लेने की बात कही थी, उन्हें अब अनाथ छोड़ दिया गया है।
सैफई से की गोरखपुर के विकास की तुलना
सपा मुखिया ने गोरखपुर के विकास की तुलना सैफई से करते हुए कहा कि अगर सैफई के विकास मॉडल से प्रेरणा ली जाती तो गोरखपुर को भी एक मॉडल शहर के रूप में विकसित किया जा सकता था। हालांकि, गोरखपुर के विकास को लेकर मौजूदा सरकार की ओर से अलग दावे किए जाते रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में शहर में एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, सड़कों, फ्लाईओवर, स्पोर्ट्स कॉलेज और रामगढ़ताल सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया था।



