
दिल्ली: भलस्वा डेयरी इलाके में 19 वर्षीय ITI छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने छात्रा को चाकू दिखाकर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और जबरन अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे करीब एक साल से परेशान कर रहा था और शादी के लिए दबाव बना रहा था।
चाकू दिखाकर धमकाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे अक्सर रास्ते में रोकता था और शादी करने के लिए दबाव डालता था। आरोप है कि वह चाकू दिखाकर उसके माता-पिता और भाई को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी देता था। जब युवती उससे मिलने से इनकार करती तो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर उसे परेशान किया जाता था।
डर के कारण छात्रा ने लंबे समय तक परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी।
बाइक पर जबरन बैठाकर ले जाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, सोमवार शाम युवती किसी काम से बाहर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर उसे बाइक पर बैठने के लिए मजबूर किया। इसके बाद उसे एक फ्लैट में ले जाया गया, जहां दुष्कर्म करने का आरोप है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत करने पहुंचे पिता-भाई पर हमला
परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद वे आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां आरोपी और उसके साथ मौजूद लोगों ने पीड़िता के पिता और भाई पर हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर पर चोट आई।
पीड़िता के कपड़े फाड़ने का आरोप भी लगाया गया है। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान के आधार पर दुष्कर्म, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच के लिए टीम गठित की गई है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घायल पिता और भाई की हालत फिलहाल स्थिर है।
बवाना में 11 वर्षीय बच्ची से भी दुष्कर्म की कोशिश का आरोप
दिल्ली के बवाना इलाके में भी 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का एक अलग मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला 19 वर्षीय युवक बच्ची को अपने घर ले गया और वहां उसका मुंह बांधकर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की।
बच्ची ने किसी तरह आरोपी को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और घर पहुंचकर माता-पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।



