Jhansi News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 के दौरान झांसी से नकल का एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा हाईटेक तरीका सामने आया है. परीक्षा केंद्र पर चेकिंग से बचने के लिए प्रयागराज से आए एक अभ्यर्थी ने सैनिटरी पैड के भीतर ब्लूटूथ व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाकर उसे अपने अंतःवस्त्रों में लगा रखा था. हालांकि, परीक्षा कक्ष में डिवाइस से आ रही हल्की सरसराहट की आवाज ने उसकी चालाकी की पोल खोल दी.

वहीं दूसरी ओर, परीक्षा के दौरान झांसी में लगभग 10,000 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी और बदायूं में गूगल मैप के गलत रूट बताने के कारण दर्जनों परीक्षार्थी भटकते नजर आए. जानकारी के मुताबिक, झांसी के SP सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अभ्यर्थी की पहचान आकाश पटेल के रूप में हुई है, जो प्रयागराज का रहने वाला है. आरोपी ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और ब्लूटूथ सेटअप को सैनिटरी पैड में बेहद शातिराना तरीके से छिपाया था और उसे अपने अंतःवस्त्रों में पहनकर सेंटर में दाखिल हो गया था.
परीक्षा हॉल में प्रश्नपत्र हल करने के दौरान अचानक आरोपी के पास से ‘सरसराहट’ की आवाज आने लगी. ड्यूटी पर तैनात इनविजिलेटर को संदेह हुआ, तो उन्होंने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया. महिला व पुरुष सुरक्षाकर्मियों द्वारा कड़ाई से ली गई तलाशी में सैनिटरी पैड में छिपाई गई ब्लूटूथ डिवाइस व अन्य उपकरण बरामद हुए. आरोपी अभ्यर्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
झांसी में 10,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
झांसी जिले में PET परीक्षा के लिए कुल 37 केंद्र बनाए गए थे. जिलाधिकारी गौरांग राठी और ADM प्रशासन संजय चावला ने दावा किया कि पूरी परीक्षा CCTV की निगरानी में पूरी तरह नकलविहीन संपन्न हुई. पहली पाली में 5,391 और दूसरी पाली में 5,420 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी. इस तरह केवल झांसी जिले में ही 10,811 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया.
बदायूं में गूगल मैप ने अभ्यर्थियों को भटकाया
वहीं, सीतापुर, लखीमपुर और शाहजहांपुर से बदायूं में परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों को ‘गूगल मैप्स’ ने बुरी तरह भटका दिया. अभ्यर्थियों को बदायूं स्थित ‘डीपॉल स्कूल’ परीक्षा केंद्र पहुंचना था, लेकिन गूगल मैप ने लोकेशन को मूसाझाग क्षेत्र में ग्राम प्रधान कालीचरण के मकान के पास दिखा दिया. इसके चलते कई परीक्षार्थी समय पर सेंटर पहुंचने के लिए काफी परेशान हुए.



