
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात तेज आवाज में बर्थडे पार्टी करना कुछ युवक-युवतियों को भारी पड़ गया। गांधी नगर के कालीबाड़ी इलाके में सुबह करीब 3 बजे तेज साउंड सिस्टम बजने की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 युवतियों और 4 युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात प्रताप टंडी के घर की छत पर बर्थडे पार्टी चल रही थी। पार्टी में तेज आवाज में संगीत बजने से परेशान स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पहली बार मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाकर साउंड सिस्टम बंद करा दिया।
हालांकि, कुछ देर बाद फिर से तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत मिली। जब पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और साउंड सिस्टम बंद करने को कहा, तो आरोप है कि वहां मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने धक्का-मुक्की की, सरकारी काम में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से 3 युवतियों और 4 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



