TrendingUttar Pradesh

​Barabanki News: बाराबंकी पुलिस ने 18 लाख के 88 गुम मोबाइल किये बरामद, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

​Barabanki News: बाराबंकी पुलिस ने 18 लाख के 88 गुम मोबाइल किये बरामद, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बाराबंकी, अमृत विचार। मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 88 लोगों के लिए बाराबंकी पुलिस की पहल बड़ी राहत लेकर आई। सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने CEIR पोर्टल की मदद से करीब 18 लाख रुपये कीमत के 88 गुम मोबाइल फोन बरामद कर लिए।

रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में सहायक पुलिस अधीक्षक मोहम्मद आफताब आलम और क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल फोन और उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डाटा वापस पाकर स्वामियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने बाराबंकी पुलिस की इस कार्रवाई के लिए आभार जताया।

CEIR पोर्टल बना गुम मोबाइल खोजने में मददगार

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने आम जनता के गुम होने वाले मोबाइल फोन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सर्विलांस सेल और सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में विशेष अभियान चलाकर प्राप्त शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।

सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन के IMEI नंबर की तकनीकी ट्रैकिंग की। लगातार प्रयास के बाद अलगअलग स्थानों से 88 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।

नौ माह में 956 से अधिक मोबाइल बरामद

बाराबंकी पुलिस के अनुसार मोबाइल रिकवरी टीम ने पिछले नौ माह में 956 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 91 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई से बड़ी संख्या में लोगों को उनके खोए मोबाइल वापस मिले हैं, वहीं मोबाइल में सुरक्षित महत्वपूर्ण व्यक्तिगत डाटा भी उन्हें दोबारा प्राप्त हो सका।

साइबर फ्रॉड से बचने की भी दी जानकारी

मोबाइल सौंपने के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नागरिकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।

पुलिस ने की अपील

बाराबंकी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में मामले की शिकायत तत्काल नजदीकी थाने में दर्ज कराएं। इसके अलावा CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट भी दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक करने, उसकी तकनीकी निगरानी करने और बरामदगी में मददगार साबित होता है। बरामदगी 88 मोबाइल फोन अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये।

मोबाइल रिकवरी टीम में ये रहे शामिल

इस अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजय सिंह, हेड कांस्टेबल मजहर अहमद, हेड कांस्टेबल चन्द्रभान, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल प्रवीण शुक्ल, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अंकुर, कांस्टेबल रवीन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल सुनिधि पाण्डेय तथा समस्त थानों की CEIR पोर्टल टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल से आम नागरिकों की शिकायतों का तेजी से निस्तारण किया जा रहा है।

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply