
बाराबंकी, अमृत विचार। करीब तीन दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी कलम, विचार और विश्लेषण से अलग पहचान बनाने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व संपादक डॉ. उत्कर्ष सिन्हा अब उत्तर प्रदेश में हॉकी के विकास और नई प्रतिभाओं को मंच देने की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें उत्तर प्रदेश हॉकी का एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में प्रस्तावित पहली प्रीमियम हॉकी लीग की कमान उन्हें चेयरपर्सन के रूप में सौंपी गई है।
गांधी स्पोर्ट्स क्लब के संस्थापक राजनाथ शर्मा ने दी बधाई
डॉ. सिन्हा को नई जिम्मेदारी मिलने पर गांधी स्पोर्ट्स क्लब के संस्थापक राजनाथ शर्मा ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. उत्कर्ष सिन्हा जैसे अनुभवी और दूरदर्शी व्यक्तित्व को उत्तर प्रदेश हॉकी की जिम्मेदारी मिलना खेल के लिए सुखद संकेत है। प्रीमियम हॉकी लीग शुरू होने से प्रदेश की प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। हमें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हॉकी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
गांधी स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष एवं पूर्व हॉकी खिलाड़ी सलाउद्दीन किदवई ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने कहा, हॉकी के मैदान से मेरा पुराना रिश्ता रहा है। गांवकस्बों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना जरूरी है। डॉ. उत्कर्ष सिन्हा को मिली जिम्मेदारी से उम्मीद जगी है कि प्रीमियम हॉकी लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा और प्रदेश की हॉकी अपनी पुरानी पहचान फिर हासिल करेगी।
बहरहाल, डॉ. सिन्हा की नियुक्ति को प्रदेश में हॉकी को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पत्रकारिता के लंबे अनुभव के साथ खेल और सामाजिक सरोकारों से जुड़े डॉ. सिन्हा के सामने अब प्रदेश में हॉकी प्रतिभाओं की तलाश, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और नई पीढ़ी में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने की चुनौती होगी।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जानिए क्या बोले डॉ. सिन्हा
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. सिन्हा ने कहा कि हॉकी को आगे बढ़ाने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है। उनका कहना है कि किसी भी खेल को आगे बढ़ाने के लिए केवल संस्थागत प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संगठनों और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जरूरी है। सिन्हा की नियुक्ति को लेकर खेल जगत में भी उत्साह है।



