IndiaTrending

ब्यूटी फिल्टर ने दिया धोखा! लाइव स्ट्रीम में असली चेहरा दिखा तो 1.4 लाख लोगों ने कर दिया अनफॉलो..

Featured Image

आज के दौर में ब्यूटी फिल्टर सोशल मीडिया का अहम हिस्सा बन चुके हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) तकनीक पर आधारित ये फिल्टर चेहरे की रंगत निखारने, दाग -धब्बे छिपाने, आंखों को बड़ा दिखाने, जॉ लाइन को शार्प बनाने और डिजिटल मेकअप जैसे कई बदलाव कर देते हैं। हालांकि, हाल ही में चीन की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के साथ ऐसा वाकया हुआ जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी।

लाइव के दौरान सामने आई तकनीकी गड़बड़ी

वायरल हो रहे वीडियो में चीन की एक लोकप्रिय महिला इन्फ्लुएंसर अपने लाखों दर्शकों के साथ लाइव स्ट्रीम कर रही थी। इसी दौरान कुछ सेकंड के लिए उसके मोबाइल का ब्यूटी फिल्टर अचानक काम करना बंद कर देता है। महज चार सेकंड तक चले इस तकनीकी ग्लिच में स्क्रीन पर उसका वास्तविक चेहरा दिखाई देने लगता है। हालांकि, कुछ ही पल बाद फिल्टर फिर से सामान्य हो जाता है, लेकिन तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुका था।

फॉलोअर्स ने जताई नाराजगी

दावा किया जा रहा है कि फिल्टर हटने के बाद इन्फ्लुएंसर का वास्तविक चेहरा देखकर कई दर्शक हैरान रह गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के बाद करीब 1 लाख 40 हजार लोगों ने उसे अनफॉलो कर दिया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ

यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @ClownWorld नाम के अकाउंट से साझा किया गया। पोस्ट के कैप्शन में दावा किया गया कि लाइव स्ट्रीम के दौरान ब्यूटी फिल्टर फेल होने के बाद महिला स्ट्रीमर ने अपने 1.4 लाख फॉलोअर्स खो दिए।

लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है और इस पर बड़ी संख्या में यूजर्स अपनी राय दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इस घटना को फिल्टर के बढ़ते इस्तेमाल का नतीजा बताया, जबकि कई यूजर्स ने वायरल दावे की सत्यता पर भी सवाल उठाए। वहीं, कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा कि फॉलोअर्स खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे होंगे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि सोशल मीडिया पर ब्यूटी फिल्टर के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट नियम होने चाहिए।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply