पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाईस्पीड डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं और नई कीमतें शुक्रवार से लागू हो गई हैं. पेट्रोल की कीमत 0.45 रुपए प्रति लीटर बढ़कर 325.43 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि हाईस्पीड डीजल की कीमत 1.16 रुपए प्रति लीटर बढ़कर 383.95 रुपये प्रति लीटर हो गई है. ‘डॉन’ में बताए गए पेट्रोलियम डिवीजन के नोटिफिकेशन के अनुसार, सरकार पेट्रोल पर 114 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल पर 100 रुपये प्रति लीटर टैक्स और ड्यूटी वसूल रही है.

रिकॉर्ड प्राइस से नीचे हैं कीमतें
यह बदलाव ईरान और अमेरिका के बीच फिर से तनाव बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में लगातार उतारचढ़ाव के बीच हुआ है. हाईस्पीड डीजल की कीमतें 3 अप्रैल को 520.35 रुपये प्रति लीटर के उच्चतम स्तर से काफी कम हुई हैं. 28 फरवरी को अमेरिकाईरान संघर्ष शुरू होने के बाद कीमत 281 रुपये प्रति लीटर से बढ़ गई थी. इसी तरह, मार्च के पहले सप्ताह में 266 रुपये से बढ़ना शुरू होने के बाद पेट्रोल की कीमतें 3 अप्रैल को 458.41 रुपये प्रति लीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थीं. इससे पहले, पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने घोषणा की थी कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में अस्थिरता को देखते हुए ईंधन की कीमतें रोज़ाना तय की जाएंगी.
रोज कीमतें होंगी तय
मंत्री ने कहा कि कैबिनेट और प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों के आधार पर रोजना फ्यूल की कीमतें तय करने की ज़िम्मेदारी ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी को सौंपने का फैसला किया है. रोजाना कीमत तय करने के फैसले का ‘ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन’ ने विरोध किया और कहा कि वे विरोध करने की योजना पर विचार करेंगे. पाकिस्तान सरकार मार्च की शुरुआत से ही फ्यूल की कीमतों में साप्ताहिक बदलाव की घोषणा कर रही थी, साथ ही पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण तेल की आपूर्ति में संभावित रुकावट की चिंताओं के बीच फ्यूल बचाने के उपाय भी कर रही थी. अप्रैल में, संघीय सरकार ने सब्सिडी वाला फ्यूल उपलब्ध कराने के लिए खास राहत उपायों की भी घोषणा की थी.


