सम्राट चौधरी आज बिहार के 24वें मुख्यमंत्री की शपथ लेने जा रहे हैं। सुबह 11 बजे सम्राट चौधरी की शपथ के साथ बीजेपी का बिहार में सरकार बनाने का टारगेट भी पूरा हो जाएगा। 2 दशकों तक बिहार का शासन संभालने वाले नीतीश कुमार अब दिल्ली की राजनीति करेंगे।

बीजेपी के सियासी सफर में आज एक सुनहरा अध्याय जुड़ने जा रहा है। आज बिहार में पहली बार बीजेपी के सीएम की शपथ होगी। सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन में सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम की शपथ लेंगे। उनके साथ जेडीयू विधायक विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव दोनों डिप्टी सीएम की शपथ लेंगे। NDA विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया।
BJP का 46 साल का संघर्ष, पहली बार सीएम
इससे पहले नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा सौंपा। महज 9 साल पहले बीजेपी में शामिल हुए सम्राट चौधरी बेहद मुखर और आक्रामक नेता माने जाने जाते हैं। 26 साल पहले विधायक चुने गए, 2024 में डिप्टी सीएम बने और 2025 में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद फिर डिप्टी सीएम की शपथ ली। अब उनके पास सीएम के तौर पर पूरे बिहार का शासन चलाने के साथ पार्टी और NDA गठबंधन को साथ रखने की भी चुनौती होगी। वहीं, बिहार की राजनीति में पहले जनसंघ और फिर बीजेपी हमेशा सक्रिय रही। बीजेपी पहले भी दो बार बड़ी पार्टी बनी लेकिन सीएम हमेशा नीतीश कुमार ही बने। ये पहला मौका है जब बीजेपी के पास सीटें भी ज्यादा हैं और सम्राट चौधरी के तौर पर उन्हें सीएम भी अपना मिला है।
-
शपथ से पहले विजय चौधरी ने क्या कहा?
JDU नेता विजय कुमार चौधरी आज बिहार के डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेंगे। उन्होंने कहा, “इस ज़िम्मेदारी के लिए मैं अपने नेता का आभार व्यक्त करता हूं, क्योंकि आज हमें जो भी पद मिलने जा रहा है, वह सिर्फ नीतीश कुमार के भरोसे की वजह से ही है। हम उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बिहार की जनता की सेवा करते रहेंगे। हमने बिहार की जनता के हित में अच्छा काम किया है और भविष्य में भी यही प्रयास जारी रहेंगे।
-
अंधकार में तीर मार रहे हैं तेजस्वी- रामकृपाल यादव
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कहा, “प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के बड़े नेता नीतीश कुमार ने कल पद त्यागा है। पूरा बिहार मर्माहत है। उन्होंने 2005 के बाद बिहार को रोशनी में लाने का प्रयास किया, बिहार के लोग उन्हें भूलेंगे नहीं। उन्होंने बिना भेदभाव के सबके लिए काम किया। वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, “नेता प्रतिपक्ष बहुत परेशान होंगे, होना भी स्वाभाविक है क्योंकि आगामी दिनों में उनका कोई भविष्य उन्हें नहीं दिख रहा है। आज सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। वे (तेजस्वी यादव) मौका तलाश रहे हैं, अंधकार में तीर मार रहे हैं लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिलेगी इसलिए वे परेशान हैं।”
-
बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?
सम्राट चौधरी के शपथ लेने के मौके पर बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल के बाद, आज सम्राट चौधरी नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। विजय चौधरी तथा बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। विकास की जिस राह को नीतीश कुमार ने शुरू किया था, उसे सम्राट चौधरी के नेतृत्व में और आगे बढ़ाया जाएगा।
-
नीतीश के काम को आगे बढ़ाएंगे सम्राट- शाहनवाज
बीजेपी नेता शाहनवाज ने सम्राट चौधरी को बेहतरीन नेता बताया। शाहनवाज ने कहा कि सम्राट नीतीश के काम को आगे बढ़ाएंगे। वहीं, बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूडी ने नीतीश के सत्ता सौंपने को बड़ा कदम बताया और कहा कि नीतीश की परंपरा पूरा देश याद रखेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी JDU के साथ मिलकर ड्राइविंग सीट पर है।
-
शपथ से पहले पंचरूपी हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे सम्राट चौधरी
आज सुबह 11 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। उससे पहले 10 बजे NDA विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे।
-
रविशंकर प्रसाद ने क्या कहा?
पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीतीश जी ने बहुत काम किया है इसीलिए उनके जाने की वजह से संवेदना है। सम्राट चौधरी के आने पर खुशी है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व में नई एनडीए सरकार बिहार को पहले की तरह विकास के रास्ते पर बढ़ाते रहेगी। बिहार में विकास, विकास और विकास ही होगा।
-
समीकरणों में फिट बैठते हैं सम्राट
सम्राट बीजेपी का चेहरा इसलिए भी बने हैं क्योंकि वो जातीय राजनीति वाले बिहार के समीकरणों में फिट बैठते हैं। सम्राट चौधरी पिछड़े वर्ग की कोयरी जाति से आते हैं। बिहार में कोयरी-कुशवाहा समाज की आबादी 4 से 5 परसेंट हैं। यादवों के बाद OBC वर्ग में सबसे बड़ा आबादी सम्राट चौधरी के कोयरी समाज की है। जाहिर है जाति के इस समीकरण ने सम्राट चौधरी को सबसे योग्य उम्मीदवार बना दिया और अब आज वो सीएम पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
-
शपथ लेने से पहले ही विपक्ष के निशाने पर सम्राट चौधरी
आज सुबह 11 बजे लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। सम्राट चौधरी शपथ लेने से पहले ही विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। लेकिन अपनी आक्रामक छवि के दम पर सीएम की कुर्सी तक का सफर तय करने वाले सम्राट के लिए अब बिहार के विकास, अपराध पर लगाम और सियासी दांवपेंच से निपटने की सीधी चुनौती पैदा हो गई है।
-
सम्राट के साथ 2 डिप्टी सीएम, कितने मंत्री शपथ लेंगे?
सम्राट चौधरी आज सीएम पद की शपथ लेंगे तो वहीं जेडीयू के कोटे से 2 डिप्टी सीएम भी आज शपथ लेने जा रहे हैं। विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी सीएम बनेंगे। सम्राट चौधरी जहां कुशवाहा वोट बैंक पर पकड़ रखते हैं तो विजय चौधरी भूमिहार हैं और बिजेन्द्र यादव जेडीयू में यादवों के बड़े नेता की पहचान रखते हैं।
-
‘सम्राट’ के सिर बिहार के CM का ताज
सम्राट चौधरी 26 साल पहले विधायक बने। उनके पास आरजेडी से लेकर NDA में तक सरकार में रहने का अनुभव है। दो बार डिप्टी सीएम रहकर महत्वपू्ण मंत्रालय संभाल चुके हैं। 9 साल पहले बीजेपी में आए और अपनी मुखर छवि के कारण पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंच गए। इस बार बीजेपी बिहार में नया चैप्टर लिख रही है और इसका सेहरा सम्राट के सिर बंध रहा है।



