Satya Report: बुलंदशहर। बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर कांड के बाद न्याय की मांग को लेकर परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। घटना से आक्रोशित मृतक पक्ष की महिलाओं ने रविवार को खुर्जा कोतवाल का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। खून के बदले खून के नारों के बीच महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सोशल मीडिया पर इस हंगामे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें महिलाएं अपना दर्द और गुस्सा जाहिर करती नजर आ रही हैं। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। रविवार को मृतकों के घर के बाहर खुर्जा कोतवाल पुलिस बल के साथ मौजूद थे। तभी परिवार की महिलाएं एकत्र होकर पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं बेहद भावुक और आक्रोशित हैं। एक महिला पुलिसकर्मियों के सामने चिल्लाते हुए कह रही है, मेरे तीन मरे हैं, मुझे छह की लाश चाहिए, तभी मुझे सब्र आएगा।
महिलाओं का आरोप है कि इस जघन्य अपराध ने उनके हंसतेखेलते परिवार को उजाड़ दिया है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हंगामे के दौरान खुर्जा कोतवाल और अन्य पुलिस अधिकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास करते रहे।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, प्रदर्शनकारी महिलाएं तत्काल कार्रवाई और आरोपियों के लिए कठोरतम दंड की मांग पर अड़ी रहीं। हंगामे की सूचना पर सीओ खुर्जा शोभित कुमार मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन पर महिलाएं शांत हुईं। हंगामे और विरोध प्रदर्शन का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
रात में डीआईजी, दिन में एडीजी पहुंचे खुर्जा
बुलंदशहर के खुर्जा में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आधी रात को ही मेरठ रेंज के डीआईजी और रविवार दोपहर को एडीजी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश
जिले की पुलिस के साथसाथ एसओजी और फॉरेंसिक टीमें सुराग तलाशने में जुटी हैं। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों जिम संचालक रूपेश सैनी, मयंक सैनी और नरेश सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आठ टीमें दबिश दे रही हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही रात करीब 12 बजे सीओ खुर्जा शोभित कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते खुर्जा नगर, खुर्जा देहात और चोला थाने की फोर्स ने इलाके को घेर लिया। रात करीब 12:30 बजे एसपी सिटी और एसपी देहात भी मौके पर पहुंच गए।
रात करीब डेढ़ बजे तीनों शवों को कड़ी सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रात ढाई बजे डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी खुद खुर्जा पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस हत्याकांड के बाद जिले के 12 थानों की फोर्स को अलर्ट पर रखा गया है।
खुर्जा से लेकर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस तक पुलिस का पहरा है। मौके पर चार सीओ, पीएसी की टुकड़ियां और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर एसपी क्राइम नरेश कुमार ने खुद मोर्चा संभाला और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
सुरक्षा की दृष्टि से अरनिया, ककोड़, सिकंदराबाद और शिकारपुर समेत कई थानों के प्रभारियों को भी खुर्जा में तैनात किया गया है। डीआईजी कलानिधि नैथानी का कहना है कि पुलिस जांच सही दिशा में बढ़ रही है।
हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एडीजी और डीआईजी के कड़े रुख के बाद पुलिस टीमें मुख्य आरोपी के बेहद करीब हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी मदद से केस को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।
चेहरे पर केक लगाने को लेकर विवाद, तीन की हत्या
बुलंदशहर के खुर्जा में जन्मदिन की पार्टी में चेहरे पर केक लगाने का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और पूर्व भाजपा सभासद के दो भाइयों अमरदीप व मनीष और भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुलंदशहर के खुर्जा में जिम के अंदर सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों जिम संचालक रूपेश सैनी, मयंक सैनी व नरेश सैनी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।



