
सीतापुर । नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के रामपुर खेवटा गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। गांव की 17 वर्षीय रजनी और 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों शुक्रवार शाम से लापता थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर एक ही दुपट्टे के दोनों सिरों से दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल के पास श्रृंगार का सामान बिखरा पड़ा मिला। किशोरी की मांग में सिंदूर भी दिखाई दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मौके की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने आत्महत्या से पहले आपस में विवाह जैसी कोई रस्म निभाई हो। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद रामपुर खेवटा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।



