
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में एक लॉज में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सब्जी मंडी के पास स्थित गुप्ता लॉज में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लॉज संचालक मानिक साह और सह संचालक नारायण तंतुबाई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, लॉज में संदिग्ध लोगों की लगातार आवाजाही की सूचना मिल रही थी। यह भी जानकारी मिली थी कि बाहर से महिलाओं को बुलाकर वहां कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पुलिस टीम गठित कर लॉज में कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लॉज के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। इस दौरान महिलाओं के कपड़े, शराब की बोतलें, सिगरेट और अन्य सामान बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने लॉज का आगंतुक रजिस्टर भी जांचा। जांच में आने-जाने और ठहरने वाले लोगों की जानकारी पूरी तरह दर्ज नहीं होने की बात सामने आई।
इस मामले में थाना प्रभारी के बयान पर मानिक साह, नारायण तंतुबाई और कंचन कुमारी के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लॉज में कथित गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। लॉज में आने वाली महिलाओं और अन्य लोगों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



