
सतारा: महाराष्ट्र के सतारा में 17 वर्षीय बेटी की क्रिकेट बैट से पीटकर हत्या करने के आरोप में एक स्कूल टीचर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घर में टीवी देखने और मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर पिता और बेटी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मामला इतना बढ़ गया कि पिता ने कथित तौर पर बेटी के सिर पर क्रिकेट बैट से वार कर दिया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
घटना सतारा शहर के गोडोली इलाके की बताई जा रही है। मृतका 11वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के घर में पिता और बेटी के बीच बहस हुई थी। परिवार की शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान लड़की ने कथित तौर पर अपनी छोटी बहन पर क्रिकेट बैट से हमला किया और पिता पर भी हमला करने की कोशिश की।
आरोप है कि इसके बाद पिता ने बेटी को काबू किया और उसके सिर के पिछले हिस्से पर क्रिकेट बैट से वार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की के सिर के पिछले हिस्से में खोपड़ी पर गहरी चोट की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में परिवार की ओर से बताया गया कि लड़की का सिर दीवार से टकराने के कारण उसे गंभीर चोट लगी थी। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को इस बयान में कुछ विसंगतियां मिलीं।
पूछताछ के दौरान मामले की तस्वीर बदलने लगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी ने बताया कि घटना के बाद उसने बेटी के खून से सने कपड़े बदल दिए थे। शरीर और आसपास की जगह को साफ करने की कोशिश भी की गई। कपड़ों को वॉशिंग मशीन में धोने की बात भी सामने आई है।
जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर वह क्रिकेट बैट भी बरामद कर लिया, जिसे घटना में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात के बाद बैट को छिपा दिया था।
जांच में यह भी सामने आया कि मृतका के व्यवहार को लेकर परिवार पहले से परेशान था। पुलिस के मुताबिक, एक पुराने विवाद के दौरान लड़की पर अपने पिता के हाथ में चोट पहुंचाने का आरोप भी लगा था। परिवार ने उसके व्यवहार को लेकर डॉक्टर से सलाह लेने की बात भी बताई है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता पुरुषोत्तम कदम को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों, परिवार के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।



