Delhi Fire News: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए दर्दनाक होटल अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस की तफ्तीश जैसेजैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस ने इस मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार कर लिया है. दिलशाद गार्डन के रहने वाले केशव नेगी से हुई कड़ाई से पूछताछ में आग लगने की असल वजह और उस खौफनाक मंजर का पूरा सच सामने आ गया है. कुक ने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि हादसा एलपीजी सिलेंडर फटने से नहीं, बल्कि किचन के इलेक्ट्रिक स्टोव में हुए एक जोरदार धमाके की वजह से हुआ था.

पुलिस हिरासत में कुक केशव नेगी ने बताया कि घटना वाले दिन वह किचन में काम कर रहा था, तभी अचानक इलेक्ट्रिक स्टोव में एक जोरदार ब्लास्ट हुआ. धमाका होते ही वहां भीषण आग लग गई. केशव के मुताबिक, उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वहां की बिजली काट दी ताकि आग पर काबू पाया जा सके, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. वायरिंग और आंतरिक ढांचा चपेट में आने के कारण आग बुझने के बजाय बेहद तेजी से पूरी इमारत में फैलती चली गई. दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में भी यह सामने आया है कि होटल के इंटरनल वायरिंग में हुए शॉर्ट सर्किट और कुक की लापरवाही के कारण यह हादसा इतना भयानक रूप ले बैठा. जांच टीम को मौके से किसी भी एलपीजी सिलेंडर के फटने के सबूत नहीं मिले हैं.
21 लोगों की मौत, अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार
मालवीय नगर के इस दर्दनाक अग्निकांड ने अब तक कई विदेशी नागरिकों समेत कम से कम 21 मासूम लोगों की जिंदगी छीन ली है. मृतकों में 9 भारतीय और 12 विदेशी नागरिक शामिल थे. इस मामले में पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में होटल मालिक लवकेश बजाज, स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को पहले ही जेल भेज दिया था. कुक केशव की गिरफ्तारी के बाद इस केस में पकड़े गए आरोपियों की संख्या चार हो गई है. पुलिस के मुताबिक, होटल की इमारत में फायर सेफ्टी नियमों का जमकर उल्लंघन किया गया था और सुरक्षा इंतजामों में गंभीर कमियां थीं.
अस्पताल में जंग लड़ रहे 15 मरीज, कइयों की हालत स्थिर
हादसे के वक्त दमकल कर्मियों और पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इमारत से 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था. इस समय साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल में कुल 15 झुलसे हुए मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 13 विदेशी नागरिक हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, वेंटिलेटर पर मौजूद मरीजों की हालत अब स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार के संकेत दिख रहे हैं. दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, आग ने होटल के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर की सभी 5 मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे भारी नुकसान हुआ. फिलहाल, पुलिस पकड़े गए आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.



