Noida News: उत्तर प्रदेश में नोएडा शहर के सबसे पॉश इलाकों में शामिल सेक्टर15A स्थित क्लब में आयोजित एक कला कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. कार्यक्रम में हिंदू देवीदेवताओं और धार्मिक मान्यताओं को कथित तौर पर नग्न एवं आपत्तिजनक तस्वीरों के साथ जोड़कर प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया है. मामले में एक शिकायतकर्ता ने थाना फेस1 पुलिस को लिखित शिकायत देकर FIR दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में कार्यक्रम के वक्ता किशोर सिंह, आयोजक संस्था The Study Circle और क्लब प्रबंधन की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है.

शिकायत के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को Club 15A के सिल्वर ओक हॉल में The Study Circle की ओर से ‘And You Thought Modern Was Now! How to look at and understand art: Pointers to make you an expert’ शीर्षक से कला कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें किशोर सिंह को अतिथि वक्ता के रूप में बुलाया गया था.
देवीदेवताओं के चित्र का गलत प्रदर्शन
कार्यक्रम में मौजूद डॉ. अनुपमा और पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, प्रस्तुति के दौरान मां कामाख्या, मां दुर्गा और लक्ष्मी स्वरूप से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को नग्न महिलाओं की तस्वीरों के माध्यम से समझाने का प्रयास किया गया. आरोप है कि मां कामाख्या से जुड़े धार्मिक संदर्भ की तुलना नग्न महिला के चित्र से की गई. इसके अलावा पद्मिनी माता और लक्ष्मी स्वरूप से संबंधित चित्रों को भी आपत्तिजनक तरीके से प्रदर्शित किया गया.
शिकायत में एक अन्य प्रस्तुति का भी जिक्र किया गया है. आरोप है कि कोलकाता की एक कथित सेक्स वर्कर की नग्न तस्वीर दिखाने के बाद उसकी तुलना मां दुर्गा से की गई. वक्ता द्वारा उस महिला में मां दुर्गा का स्वरूप देखने और उसके प्रतिदिन प्रताड़ित होने जैसी टिप्पणी किए जाने का भी दावा किया गया है.
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
शिकायतकर्ता का कहना है कि कला और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर धार्मिक आस्था और देवीदेवताओं से जुड़े प्रतीकों को इस तरह प्रस्तुत करना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है. उन्होंने पुलिस से कार्यक्रम की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग, ऑडियो और तस्वीरों की जांच कराने की मांग की है. साथ ही यह भी पता लगाने को कहा है कि आयोजकों और क्लब प्रबंधन को इस तरह की प्रस्तुति की पहले से जानकारी थी या नहीं.
वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज करने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है.



